हाई ब्लड प्रेशर यानी हाई BP के मरीजों को अपनी डाइट का खास ध्यान रखना चाहिए। लंबे समय तक बढ़ा हुआ ब्लड प्रेशर हार्ट डिजीज और स्ट्रोक का खतरा बढ़ा सकता है। इसलिए दिन की शुरुआत ऐसे नाश्ते से करनी चाहिए, जिसमें नमक, फैट और प्रोसेस्ड फूड की मात्रा कम हो। विशेषज्ञों के अनुसार, हाई BP के मरीजों को सुबह के नाश्ते में हाई-सोडियम और प्रोसेस्ड फूड से बचना चाहिए। पैकेज्ड और प्रोसेस्ड फूड में सोडियम की मात्रा अधिक हो सकती है, जो ब्लड प्रेशर को प्रभावित कर सकता है।
हाई बीपी में क्या न खाएं?
- हाई सोडियम और प्रोसेस्ड फूड्स: डॉक्टर बिमल छाजेर कहते हैं कि अगर आप ब्लड प्रेशर के मरीज हैं तो हाई सोडियम और प्रोसेस्ड फूड्स का सेवन न करें। जितने भी पैकेज्ड और प्रोसेस्ड फूड्स होते हैं उनमें सोडियम बहुत ज़्यादा होता है। हाई सोडियम ब्लड प्रेशर को तेजी से बढ़ाता है।
- कॉफ़ी और चाय का सेवन: अगर आप भी उन लोगों में से हैं जो सुबह सुबह कॉफ़ी और चाय का सेवन करते हैं तो सावधान हो जाएं। ऐसा करना आपके बीपी को बढ़ा सकता है। अगर आप खाली पेट में चाय या कॉफ़ी पीते हैं तो तेजी से बीपी बढ़ सकता है। खासकर जो लोग कैफीन सेंसिटिव हैं तो भूलकर भी न पिएं।
- फैटी फूड्स: डॉक्टर बिमल छाजेर कहते हैं कि ब्लड प्रेशर के मरीजों को अपने दिन की शुरुआत कभी भी फैटी फूड्स जैसे – बटर, केक, फ्राइड स्नैक्स, चीज वाले फ़ूड और पेस्ट्री से नहीं करना चाहिए। इनका सेवन करने से शरीर में बैड कोलेस्ट्रॉल बढ़ता है जो हार्ट अटैक की वजह भी बन सकता है।
नाश्ते में क्या खाएं?
हाई BP के मरीज नाश्ते में ओटमील, वेजिटेबल उपमा, पोहा, इडली, ताजे फल, लो-फैट मिल्क, योगर्ट, होल ग्रेन टोस्ट और उबली सब्जियां शामिल कर सकते हैं। साथ ही खाने में नमक की मात्रा सीमित रखना भी जरूरी है।
हालांकि, हर व्यक्ति की डाइट उसकी उम्र, दवाओं और अन्य स्वास्थ्य स्थितियों के अनुसार अलग हो सकती है। इसलिए हाई BP के मरीज अपनी डाइट में बड़े बदलाव करने से पहले डॉक्टर या डाइटिशियन की सलाह जरूर लें।

