सक्ती छत्तीसगढ़ के सक्ती जिले के डभरा थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम सिंघीतराई स्थित वेदांता पावर प्लांट में सोमवार को एक बड़ा हादसा हो गया। प्लांट में बॉयलर फटने से हुए भीषण धमाके में मृतकों की संख्या बढ़कर 10 हो गई है। घटना की गंभीरता को देखते हुए जिला प्रशासन ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मजिस्ट्रियल जांच के आदेश दे दिए हैं।
धमाके से मची अफरा-तफरी, राहत कार्य जारी
हादसा उस वक्त हुआ जब प्लांट में काम सामान्य रूप से चल रहा था, तभी अचानक बॉयलर में जोरदार ब्लास्ट हुआ। धमाका इतना शक्तिशाली था कि आसपास मौजूद मजदूर इसकी चपेट में आ गए। सूचना मिलते ही कलेक्टर अमृत विकास तोपनो और पुलिस अधीक्षक प्रफुल्ल कुमार ठाकुर दलबल के साथ मौके पर पहुंचे और बचाव कार्य का नेतृत्व किया।
मानसून 2026: देश में इस साल सामान्य से कम बारिश के आसार, अल नीनो की आहट ने बढ़ाई चिंता
मजिस्ट्रियल जांच और सख्त कार्रवाई के निर्देश
कलेक्टर अमृत विकास तोपनो ने घटना की उच्चस्तरीय जांच के लिए मजिस्ट्रियल इंक्वायरी के आदेश जारी किए हैं। उन्होंने कहा, “प्रशासन की प्राथमिकता घायलों को बेहतर इलाज मुहैया कराना है। हादसे के हर तकनीकी और सुरक्षा संबंधी पहलू की गहन जांच की जाएगी ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोका जा सके और दोषियों पर कड़ी कार्रवाई हो।”
घायलों की स्थिति गंभीर, रायगढ़ रेफर
इस हादसे में करीब 16 मजदूर घायल हुए हैं, जिन्हें तत्काल नजदीकी अस्पतालों और रायगढ़ के निजी व सरकारी अस्पतालों में भर्ती कराया गया है। डॉक्टरों के अनुसार, कई मजदूरों की हालत नाजुक बनी हुई है, जिससे हताहतों की संख्या बढ़ने की आशंका है। एसपी प्रफुल्ल ठाकुर ने बताया कि प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड पर है और स्थिति पर लगातार निगरानी रखी जा रही है।


