लखनऊ : उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ के गोसाईगंज क्षेत्र में सोमवार की शाम एक बड़ा सड़क हादसा हो गया। तेज रफ्तार का कहर एक बार फिर मासूम जिंदगियों पर भारी पड़ा, जब पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे पर यात्रियों से भरी एक बस अनियंत्रित होकर पलट गई। इस हृदयविदारक दुर्घटना में 5 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 8 यात्री गंभीर रूप से घायल हैं।
हादसा गोसाईगंज के जौखंडी गांव के पास सोमवार शाम करीब 4:30 बजे हुआ। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, बस की रफ्तार काफी अधिक थी, जिसके कारण चालक अपना नियंत्रण खो बैठा और बस पलटते हुए सड़क किनारे जा गिरी। हादसे के वक्त बस में कुल 40 यात्री सवार थे। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बस के परखच्चे उड़ गए और भीतर चीख-पुकार मच गई।
बस काट कर निकाले गए यात्री
हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और एक्सप्रेस-वे की राहत टीम मौके पर पहुंची। बस के भीतर फंसे यात्रियों को निकालने के लिए पुलिसकर्मियों को काफी मशक्कत करनी पड़ी। पुलिस ने पुष्टि की है कि 5 लोगों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। 8 यात्रियों की स्थिति बेहद नाजुक बनी हुई है, जिन्हें तत्काल लखनऊ ट्रॉमा सेंटर रेफर किया गया है।बस में सवार अन्य यात्रियों को भी मामूली चोटें आई हैं, जिनका इलाज स्थानीय अस्पतालों में जारी है।
मौके पर मौजूद पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, प्राथमिकता घायलों को बेहतर इलाज मुहैया कराना है। पुलिस ने बताया कि बस में फंसे सभी लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया है, लेकिन कई यात्रियों की हालत अभी भी चिंताजनक बनी हुई है। हादसे के कारणों की जांच की जा रही है कि क्या यह हादसा तकनीकी खराबी की वजह से हुआ या ड्राइवर की लापरवाही से।
हादसे के बाद पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे पर कुछ समय के लिए यातायात प्रभावित रहा। स्थानीय ग्रामीणों ने भी पुलिस की मदद में बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया और घायलों को एम्बुलेंस तक पहुँचाने में मदद की। अपनों को खोने वाले परिवारों में कोहराम मचा हुआ है।

