गुमला: कामडारा प्रखंड के बेतरकेरा के पास रविवार को एक भीषण सड़क हादसे में दो लोगों की जान चली गई। तोरपा से लचरागढ़ गई एक बारात से लौट रही फोर्स गाड़ी अनियंत्रित होकर पलट गई। इस हादसे में गाड़ी की छत पर बैठकर सफर कर रहे शाहिल भेंगरा (23) और चंद्र महतो (40) की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक अन्य युवक सामुएल भेंगरा गंभीर रूप से घायल है।
छत पर सफर करना पड़ा भारी प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, तीनों युवक गाड़ी की छत पर बैठे थे। बेतरकेरा गांव के पास चालक ने संतुलन खो दिया, जिससे गाड़ी सड़क पर ही पलट गई। घटना की सूचना मिलते ही कुरकुरा थाना पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से घायलों को कामडारा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने दो को मृत घोषित कर दिया। गंभीर रूप से घायल युवक को बेहतर इलाज के लिए रेफर किया गया है।
पुलिस की कार्रवाई और फरार चालक मामले में संवेदनहीनता का एक बड़ा उदाहरण तब देखने को मिला जब हादसे के बाद चालक और गाड़ी मालिक अस्पताल से चुपके से फरार हो गए। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त वाहन (JH01BZ5564) को जब्त कर लिया है और फरार आरोपियों की तलाश में छापेमारी कर रही है। शवों को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया गया है। स्थानीय प्रशासन ने लोगों से वाहनों की छत पर बैठकर सफर न करने की अपील की है।



