चतरा (झारखंड): झारखंड के चतरा जिला मुख्यालय में सोमवार को एक ऐसी सनसनीखेज वारदात सामने आई जिसने पूरे इलाके की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। पुलिस अधीक्षक (एसपी) कार्यालय एवं आवास के ठीक सामने एक निजी बॉडीगार्ड ने मामूली विवाद के बाद अपने ही साथी सुरक्षाकर्मी की गोली मारकर हत्या कर दी। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई, हालांकि वहां मौजूद पुलिसकर्मियों ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को हत्या में इस्तेमाल किए गए हथियार के साथ मौके से ही गिरफ्तार कर लिया।
मृतक की पहचान बिहार के बक्सर निवासी अतुल कुमार के रूप में हुई है, जबकि गिरफ्तार आरोपी बलवीर सिंह भी बिहार का ही रहने वाला है। ये दोनों गया जिले की बेलागंज सीट से विधायक मनोरमा यादव के पुत्र और ठेकेदार रॉकी यादव उर्फ विनीत यादव के निजी सुरक्षा गार्ड थे। जानकारी के अनुसार, चतरा बाईपास का निर्माण कार्य करा रहे ठेकेदार रॉकी यादव किसी आधिकारिक काम से एसपी आवास पहुंचे थे और अंदर गए हुए थे, जबकि दोनों बॉडीगार्ड बाहर वाहन के पास उनका इंतजार कर रहे थे।
एसपी आवास के बाहर इंतजार करने के दौरान ही किसी बात को लेकर दोनों गार्डों के बीच कहासुनी शुरू हो गई। देखते ही देखते यह विवाद इतना हिंसक हो गया कि आरोपी बलवीर सिंह ने अपने हथियार से अतुल कुमार के सिर में सीधे गोली मार दी। सिर में गोली लगते ही अतुल की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। अचानक हुई गोलीबारी की आवाज सुनते ही आसपास तैनात पुलिसकर्मी तुरंत मौके की ओर दौड़े और आरोपी बलवीर को दबोचकर उसका हथियार जब्त कर लिया। पुलिस ने शव को तुरंत कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
प्रारंभिक पुलिस जांच में इस हत्याकांड की वजह दोनों बॉडीगार्ड्स के बीच आपसी रंजिश और विवाद सामने आ रही है। हालांकि, एसपी कार्यालय और आवास जैसे अति-सुरक्षित क्षेत्र के बाहर दिनदहाड़े हुई इस हत्या ने कानून-व्यवस्था पर सवाल उठा दिए हैं। पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी मामले की गहनता से निगरानी कर रहे हैं और आरोपी से लगातार पूछताछ की जा रही है, जबकि घटना के बाद से पूरे इलाके में सनसनी और दहशत का माहौल बना हुआ है।


