रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजधानी में साइबर अपराधियों और ‘डिजिटल अरेस्ट’ का जाल तेजी से फैला है। विधानसभा में विधायक सुनील कुमार सोनी के प्रश्न का उत्तर देते हुए उपमुख्यमंत्री और गृह मंत्री विजय शर्मा ने पिछले एक साल के चौंकाने वाले आंकड़े पेश किए।
सरकारी जानकारी के अनुसार, रायपुर जिले में बीते एक वर्ष के भीतर साइबर ठगी और डिजिटल अरेस्ट के कुल 104 प्रकरण दर्ज किए गए हैं। इन वारदातों को अंजाम देने वाले गिरोहों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए पुलिस ने अब तक 53 आरोपियों को सलाखों के पीछे पहुँचाया है।
आंकड़ों की भयावहता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि इस समयावधि में ठगों ने मासूम नागरिकों से कुल 21.77 करोड़ रुपये की ऑनलाइन लूट की है। हालांकि, पुलिस की ओर से की गई कार्रवाई के बाद अब तक 64.46 लाख रुपये की राशि को होल्ड कराया जा सका है। इसमें से माननीय न्यायालय के आदेशानुसार अब तक पीड़ितों को मात्र 27.77 लाख रुपये ही वापस मिल पाए हैं। प्रशासन ने जनता से डिजिटल लेनदेन और अनजान कॉल्स को लेकर सतर्क रहने की अपील की है।



