रायपुर: छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में 10 और 13 मई को होने वाले आईपीएल के महामुकाबलों को लेकर क्रिकेट प्रेमियों का उत्साह चरम पर है। फैंस की सबसे बड़ी जिज्ञासा टिकटों को लेकर है, जिसकी बिक्री मई के पहले सप्ताह से शुरू होने की पूरी संभावना है। आरसीबी के टिकट वितरण के ट्रेंड को देखते हुए माना जा रहा है कि रायपुर मैचों के टिकट 1 मई के बाद आधिकारिक वेबसाइट पर उपलब्ध हो जाएंगे। इस बार दर्शकों की सुविधा के लिए टिकट की शुरुआती कीमत ₹2000 रखी गई है, जबकि प्रीमियम अनुभव के लिए ₹2500, ₹3500, ₹5000 और ₹8000 तक की श्रेणियां तय की गई हैं। खास बात यह है कि इस बार ऑफलाइन टिकट का झंझट खत्म कर दिया गया है; फैंस सीधे आरसीबी की वेबसाइट से अपनी पसंद की सीट का व्यू (View) देखकर टिकट बुक कर सकेंगे।
अम्बिकापुर की बेटी शिवानी सोनी ने रचा इतिहास: ‘इंटरनेशनल बुक ऑफ रिकॉर्ड्स’ में नाम दर्ज
मैदान पर तैयारियों के साथ-साथ टीमों के आगमन का शेड्यूल भी तैयार हो गया है। स्टार खिलाड़ियों से सजी रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु की टीम 8 मई को रायपुर पहुंच सकती है, जहां टीम करीब 6 दिनों तक डेरा डालेगी और अभ्यास सत्र में हिस्सा लेगी। वहीं, मुंबई इंडियंस की टीम के भी 8 मई के बाद ही राजधानी पहुँचने की उम्मीद है। रायपुर के शहीद वीर नारायण सिंह स्टेडियम में दर्शकों के अनुभव को यादगार बनाने के लिए दिल्ली और मुंबई के स्टेडियमों की तर्ज पर बड़े बदलाव किए गए हैं। प्लैटिनम सीटों के सामने से लगभग 30 कांच के पैनल हटा दिए गए हैं ताकि प्रीमियम दर्शक बिना किसी रुकावट के खिलाड़ियों को करीब से देख सकें।
शेड्यूल के अनुसार, 10 मई को पहली टक्कर रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु और मुंबई इंडियंस के बीच होगी, वहीं 13 मई को आरसीबी का सामना कोलकाता नाइट राइडर्स से होगा। दोनों ही मैच शाम 7:30 बजे से शुरू होंगे। इस मेगा इवेंट से रायपुर की अर्थव्यवस्था को भी जबरदस्त बूस्ट मिलने की उम्मीद है, क्योंकि बाहरी राज्यों से आने वाले हजारों दर्शकों के कारण स्थानीय होटल्स, ट्रांसपोर्ट और रेस्टोरेंट सेक्टर में भारी उछाल आने वाला है। टिकट बुकिंग और स्टैंड की फोटो देखने की सुविधा को लेकर 28 अप्रैल से 1 मई के बीच आधिकारिक अपडेट जारी किया जा सकता है।
हायर एजुकेशन में ‘स्पेस रेवोल्यूशन’: अब कॉलेजों में ही छात्र बनाएंगे सैटेलाइट, सरकार ने युवाओं के लिए खोला खजाना


