जशपुर जिले के आरा मार्ग पर बालाछापर के पास आज सुबह करीब 11 बजे एक भीषण सड़क हादसा हो गया। तेज रफ्तार में जा रही टाटा हैरियर कार अचानक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पेड़ से जा टकराई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि वाहन के परखच्चे उड़ गए।
हादसे में चेतन जैन की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि कार में सवार तीन युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों में प्रांजल दास, प्रिंशु ठाकुर और हिमांशु शामिल हैं। दुर्घटना के बाद स्थानीय लोग तुरंत मौके पर पहुंचे और घायलों को जिला अस्पताल जशपुर पहुंचाया।
जानकारी के अनुसार प्रांजल दास का एक पैर कट गया है और दूसरे पैर में गंभीर चोटें आई हैं। उसकी हालत नाजुक होने पर उसे रांची रेफर किया गया है। प्रिंशु ठाकुर का पैर टूट गया है और वह फिलहाल बेहोश है। वहीं हिमांशु को पैर में चोट आई हैं और उन्हें भी रांची रेफर किया गया हैं।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार हादसा तेज रफ्तार और नियंत्रण खोने के कारण हुआ। घटना के बाद पुलिस मौके पर पहुंची, वाहन को जब्त किया गया और जांच की प्रक्रिया शुरू की गई है। इस दर्दनाक दुर्घटना ने पूरे इलाके को स्तब्ध कर दिया है।

