रांची।
रिपब्लिकन पार्टी ऑफ इंडिया अठावले के बैनर तले 20 जनवरी 2026 को रांची में झारखंड नव निर्माण रैली का आयोजन किया जा रहा है। यह रैली पुराने विधानसभा मैदान धुर्वा में आयोजित होगी। आयोजन को लेकर पार्टी कार्यकर्ताओं और समर्थकों में खासा उत्साह देखा जा रहा है।
रैली में रिपब्लिकन पार्टी ऑफ इंडिया अठावले के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं केंद्रीय राज्य मंत्री रामदास अठावले के शामिल होने की जानकारी दी गई है। वहीं झारखंड प्रदेश अध्यक्ष शिव उरांव के नेतृत्व में प्रदेश भर से कार्यकर्ता रांची पहुंचेंगे। आयोजकों का दावा है कि यह रैली झारखंड में सामाजिक न्याय समान अधिकार और राजनीतिक हिस्सेदारी को लेकर एक मजबूत संदेश देगी।
रैली के साथ ही रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम का भी आयोजन किया गया है। कार्यक्रम में नागपुरी गीत संगीत की प्रस्तुतियां होंगी। मंच पर स्थानीय और आमंत्रित कलाकार अपनी कला का प्रदर्शन करेंगे। आयोजकों के अनुसार इस सांस्कृतिक कार्यक्रम के माध्यम से झारखंड की लोकसंस्कृति और सामाजिक एकता को मंच दिया जाएगा।
कार्यक्रम का समय सुबह 10 बजे से निर्धारित है। आयोजन स्थल पुराना विधानसभा मैदान धुर्वा रांची रखा गया है। आयोजन को लेकर पार्टी पदाधिकारियों ने बताया कि सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं और बड़ी संख्या में लोगों के शामिल होने की उम्मीद है।
इसी दिन केंद्रीय राज्य मंत्री रामदास अठावले का रांची दौरा कार्यक्रम भी तय है। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार वे सुबह मुंबई से रांची पहुंचेंगे जहां राज्यपाल से शिष्टाचार भेंट करेंगे। इसके बाद राज्य अतिथि गृह में अधिकारियों और पार्टी पदाधिकारियों के साथ बैठक करेंगे तथा दोपहर में प्रेस वार्ता भी प्रस्तावित है। दोपहर बाद पार्टी के कार्यक्रम में शामिल होकर शाम को रांची से मुंबई के लिए रवाना होंगे।
रिपब्लिकन पार्टी ऑफ इंडिया अठावले के नेताओं का कहना है कि झारखंड नव निर्माण रैली सामाजिक बदलाव और राजनीतिक जागरूकता की दिशा में एक अहम कदम साबित होगी। पार्टी ने आम जनता से अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर कार्यक्रम को सफल बनाने की अपील की है।

