नवोदय विद्यालय समिति (NVS) ने शैक्षणिक सत्र 2027-28 के लिए कक्षा 6 में दाखिले की आधिकारिक अधिसूचना जारी कर दी है। जो माता-पिता अपने बच्चों का दाखिला देश के प्रतिष्ठित नवोदय स्कूलों में कराना चाहते हैं, उनके लिए यह बेहतरीन मौका है। JNVST Class 6 Admission 2027 के लिए ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया 7 जुलाई से शुरू हो चुकी है, और इसकी अंतिम तिथि 31 जुलाई तय की गई है।
महत्वपूर्ण तिथियां और परीक्षा का समय
इस साल नवोदय विद्यालय समिति ने बड़ा फैसला लेते हुए प्रवेश परीक्षा का आयोजन पिछले दो सालों के मुकाबले काफी जल्दी करने का निर्णय लिया है।
-
आवेदन शुरू होने की तिथि: 7 जुलाई
-
आवेदन करने की अंतिम तिथि: 31 जुलाई
-
प्रवेश परीक्षा की तिथि: 28 नवंबर
-
नतीजे घोषित होने का समय: मार्च/अप्रैल 2027
एडमिशन के नियमों में हुआ बड़ा बदलाव
नवोदय विद्यालय समिति ने इस बार नवोदय विद्यालय एडमिशन प्रक्रिया (Navodaya Vidyalaya Admission Process) में कुछ कड़े बदलाव किए हैं। अब छात्र मुख्य रूप से केवल अपने निवास वाले जिले के जवाहर नवोदय विद्यालय (JNV) के लिए ही आवेदन कर सकते हैं।
नया नियम: यदि कोई छात्र किसी पड़ोसी जिले के स्कूल में पढ़ाई कर रहा है, तो वह स्कूल छात्र के मूल निवास स्थान से अधिकतम 10 किलोमीटर की हवाई दूरी के भीतर होना अनिवार्य है।
योग्यता और उम्र सीमा (JNVST Eligibility Criteria)
कक्षा 6 में प्रवेश पाने के लिए छात्रों को समिति द्वारा तय की गई निम्नलिखित शर्तों को पूरा करना होगा:
-
शैक्षणिक योग्यता: छात्र शैक्षणिक सत्र 2026-27 में किसी मान्यता प्राप्त सरकारी या सहायता प्राप्त स्कूल से कक्षा 5वीं पास होना चाहिए। इसके साथ ही उसने कक्षा 3 और 4 की पढ़ाई भी पूरी की हो।
-
उम्र सीमा: आवेदक का जन्म 1 मई 2015 से 31 जुलाई 2017 के बीच होना चाहिए (दोनों तिथियां शामिल हैं)।
-
नोट: जो छात्र पहले ही 5वीं पास कर चुके हैं या दोबारा 5वीं में पढ़ रहे हैं, वे इस परीक्षा के योग्य नहीं माने जाएंगे। छात्र को परीक्षा देने का केवल एक ही अवसर मिलेगा।
JNVST परीक्षा पैटर्न और अंक योजना
जवाहर नवोदय विद्यालय सिलेक्शन टेस्ट (JNVST 2027) ऑफलाइन मोड में ओएमआर (OMR) शीट पर आयोजित किया जाएगा। परीक्षा की कुल अवधि 2 घंटे (सुबह 11:30 बजे से दोपहर 1:30 बजे तक) होगी।
-
कुल प्रश्न और अंक: परीक्षा में कुल 80 ऑब्जेक्टिव टाइप (MCQ) सवाल पूछे जाएंगे, जो कुल 100 अंकों के होंगे।
-
अंक प्रणाली: प्रत्येक सही उत्तर के लिए 1.25 अंक मिलेंगे। राहत की बात यह है कि परीक्षा में कोई नेगेटिव मार्किंग नहीं होगी।
आरक्षण का गणित (Reservation Policy)
नवोदय विद्यालयों में ग्रामीण प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने के लिए एक मजबूत आरक्षण नीति लागू की गई है।
-
ग्रामीण क्षेत्र: कुल सीटों का 75 फीसदी हिस्सा ग्रामीण इलाकों के बच्चों के लिए आरक्षित होता है। बाकी 25% सीटें मेरिट के आधार पर शहरी और ग्रामीण दोनों के लिए खुली हैं।
-
छात्राओं के लिए आरक्षण: कुल सीटों की एक-तिहाई (33.3%) सीटें लड़कियों के लिए सुरक्षित रखी गई हैं।
-
जातिगत आरक्षण: जिले की आबादी के अनुसार एससी (SC) के लिए न्यूनतम 15% और एसटी (ST) के लिए 7.5% सीटें तय हैं। इसके अतिरिक्त, ओबीसी (OBC) वर्ग के छात्रों को 27 फीसदी आरक्षण का लाभ मिलेगा।
इच्छुक अभिभावक समय रहते नवोदय विद्यालय समिति की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर फॉर्म भर सकते हैं ताकि आखिरी दिनों में वेबसाइट हैवी होने की समस्या से बचा जा सके। ताज़ा खबरों और अपडेट्स के लिए हमें Facebook और Instagram पर फॉलो करें।
यह भी पढ़ें


