जशपुर। जशपुर जिले के लोरो घाट में कल शाम हुई एक भीषण सड़क दुर्घटना में जशपुर पुलिस की तत्परता और कुशल रेस्क्यू टीम ने तीन लोगों के प्राण बचा लिए। लगभग तीन घंटे तक चले चुनौतीपूर्ण रेस्क्यू ऑपरेशन के बाद ट्रक के क्षतिग्रस्त केबिन को कटर मशीन से काटकर घायलों को सुरक्षित बाहर निकाला गया।

घटना का विवरण

दिनांक 15 जुलाई 2026 को शाम करीब 07:00 बजे, धनबाद (झारखंड) से रायपुर जा रहा एक टाटा ट्रक (क्रमांक JH-02-AM-6041) लोरो घाट पर अनियंत्रित होकर सुरक्षा रेलिंग से टकरा गया। टक्कर इतनी जोरदार थी कि ट्रक का अगला हिस्सा बुरी तरह पिचक गया और चालक व वाहन मालिक सहित तीन लोग केबिन में अंदर बुरी तरह फंस गए।

त्वरित रेस्क्यू ऑपरेशन

सूचना मिलते ही थाना दुलदुला पुलिस, हाईवे पेट्रोलिंग, डॉयल-112, अग्निशमन दल और एंबुलेंस की टीमें तत्काल घटनास्थल पर पहुंचीं। पुलिस ने स्थानीय ग्रामीणों और ‘पुलिस मितान’ के सदस्यों के साथ मिलकर राहत और बचाव कार्य शुरू किया। कटर मशीन की मदद से केबिन को काटकर, करीब तीन घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद तीनों घायलों को सुरक्षित बाहर निकालकर तत्काल उपचार हेतु शासकीय अस्पताल, जशपुर भेजा गया। वर्तमान में घायलों की स्थिति स्थिर बनी हुई है।

अधिकारियों द्वारा सराहना एवं सम्मान की घोषणा

घटना की गंभीरता को देखते हुए डीआईजी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. लाल उमेद सिंह स्वयं घटनास्थल पर पहुंचे और पूरे रेस्क्यू अभियान का नेतृत्व किया। उन्होंने पुलिस टीम, पुलिस मितान और सहयोग करने वाले स्थानीय नागरिकों के साहस एवं बेहतरीन टीम वर्क की सराहना की।

​डॉ. लाल उमेद सिंह ने घोषणा की कि: रेस्क्यू में शामिल पुलिस अधिकारियों, कर्मचारियों एवं रेस्क्यू टीम को उनके साहसिक कार्य के लिए सम्मानित किया जाएगा। घायलों की जान बचाने में मदद करने वाले स्थानीय नागरिकों के नाम “गुड सेमिरिटन (नेक नागरिक)” योजना के तहत लाभ दिलाने हेतु प्रशासन को भेजे जाएंगे।

डीआईजी डॉ. लाल उमेद सिंह की अपील

डीआईजी डॉ. लाल उमेद सिंह ने आम जनता से अपील की है कि सड़क दुर्घटना के समय घटनास्थल से भागने के बजाय तत्काल निकटतम थाना या 112 पर सूचना दें। सुरक्षित रहकर घायलों की सहायता करें और एक ‘गुड सेमिरिटन’ बनकर मानव जीवन को बचाने में अपना योगदान दें। आपकी समय पर दी गई सूचना किसी के लिए जीवनदायी हो सकती है।

Share.

About Us

CG NOW एक भरोसेमंद और निष्पक्ष न्यूज़ प्लेटफॉर्म है, जो आपको छत्तीसगढ़, भारत और दुनिया भर की ताज़ा, सटीक और तथ्य-आधारित खबरें प्रदान करता है। हमारी प्राथमिकता है जनता तक सही और निष्पक्ष जानकारी पहुँचाना, ताकि वे हर पहलू से जागरूक और अपडेटेड रहें।

Contact Us

Syed Sameer Irfan
📞 Phone: 94255 20244
📧 Email: sameerirfan2009@gmail.com
📍 Office Address: 88A, Street 5 Vivekanand Nagar, Bhilai 490023
📧 Email Address: cgnow.in@gmail.com
📞 Phone Number: 94255 20244

© 2025 cgnow.in. Designed by Nimble Technology.

error: Content is protected !!
Exit mobile version