अब गैस सिलेंडर के लिए लंबा इंतजार करने की जरूरत नहीं होगी। हिंदुस्तान पेट्रोलियम कॉर्पोरेशन लिमिटेड (HPCL) ने 30 से 45 मिनट में LPG सिलेंडर डिलीवरी की नई सुविधा शुरू की है। फिलहाल इसकी शुरुआत बेंगलुरु से की गई है और इसे देश की पहली क्विक कॉमर्स LPG सिलेंडर डिलीवरी साझेदारी बताया जा रहा है। इस नई सेवा के तहत ग्राहक Swiggy Instamart के माध्यम से घर बैठे कम समय में LPG सिलेंडर मंगा सकेंगे।
नई सेवा के तहत ग्राहक इंस्टामार्ट ऐप से 10 किलोग्राम का HP नव्या कंपोजिट LPG सिलेंडर और 5 किलोग्राम का पारंपरिक HP गैस सिलेंडर ऑर्डर कर सकेंगे। खास बात यह है कि पहली बार सिलेंडर खरीदने के लिए पहले से घरेलू LPG कनेक्शन होना जरूरी नहीं होगा। केवल पहचान सत्यापन और जरूरी दस्तावेज पूरे करने होंगे।
रिफिल ऑर्डर के समय ग्राहकों को अपना खाली HPCL सिलेंडर डिलीवरी स्टाफ को वापस देना होगा। सिलेंडर और गैस पूरी तरह HPCL की होगी, जबकि स्विगी इंस्टामार्ट केवल ऑर्डर और डिलीवरी प्लेटफॉर्म की भूमिका निभाएगा।
मुख्य बातें
- 30-45 मिनट में LPG सिलेंडर डिलीवरी का दावा।
- शुरुआत फिलहाल बेंगलुरु से।
- 10 किलोग्राम HP नव्या कंपोजिट सिलेंडर उपलब्ध।
- 5 किलोग्राम HPCL मेटल सिलेंडर भी मिलेगा।
- बिना पुराने LPG कनेक्शन के पहली बार खरीद संभव।
- रिफिल के समय खाली सिलेंडर लौटाना होगा।
- डिलीवरी HPCL के अधिकृत स्टाफ द्वारा की जाएगी।
- कीमत और डिलीवरी चार्ज ऐप पर ऑर्डर के समय दिखाई देंगे।
कंपोजिट सिलेंडर क्यों है खास?
HP नव्या कंपोजिट सिलेंडर फाइबरग्लास की कई परतों से बना होता है। यह पारंपरिक स्टील सिलेंडर की तुलना में हल्का, जंगरोधी और आधुनिक डिजाइन वाला होता है। इससे गैस लीक होने का जोखिम भी कम माना जाता है और इसे उठाना भी आसान होता है।
भारत में क्विक कॉमर्स तेजी से बढ़ रहा है और अब ग्रॉसरी के बाद जरूरी घरेलू सेवाएं भी इस प्लेटफॉर्म पर आ रही हैं। HPCL का मानना है कि इस साझेदारी से युवाओं, किराए पर रहने वाले लोगों और डिजिटल ग्राहकों तक LPG की पहुंच और आसान होगी। यदि बेंगलुरु में यह मॉडल सफल रहता है तो भविष्य में दूसरे शहरों में भी सेवा शुरू की जा सकती है। साथ ही इंडेन और भारत गैस जैसी अन्य कंपनियां भी ऐसे प्लेटफॉर्म से जुड़ सकती हैं।
Swiggy Instamart LPG Delivery घरेलू गैस वितरण के क्षेत्र में बड़ा बदलाव साबित हो सकती है। तेज डिलीवरी, आसान बुकिंग और डिजिटल सुविधा के कारण आने वाले समय में यह सेवा दूसरे शहरों तक भी पहुंच सकती है। ताज़ा खबरों और अपडेट्स के लिए हमें Facebook और Instagram पर फॉलो करें।


