छत्तीसगढ़ पुलिस में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल, 61 निरीक्षकों का हुआ तबादल
नवा रायपुर: छत्तीसगढ़ पुलिस विभाग में प्रशासनिक व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने की दिशा में पुलिस मुख्यालय, नवा रायपुर (अटल नगर) द्वारा बड़े पैमाने पर अधिकारियों के स्थानांतरण के आदेश जारी किए गए हैं। पुलिस स्थापना बोर्ड के महत्वपूर्ण निर्णय के बाद ‘वन टाइम (OT) नीति’ के तहत प्रदेश भर के 61 निरीक्षकों को नई जिम्मेदारी सौंपी गई है।
इस तबादला प्रक्रिया के तहत विशेष रूप से बस्तर, दंतेवाड़ा, सुकमा और कोंडागांव जैसे नक्सल प्रभावित जिलों में लंबे समय से तैनात निरीक्षकों को प्रशासनिक दृष्टिकोण से मैदानी और शहरी इलाकों में स्थानांतरित किया गया है। विभाग की इस नीति का उद्देश्य नक्सल मोर्चे पर काम कर रहे अधिकारियों को सामान्य जिलों में तैनात कर प्रशासनिक अनुभव का लाभ लेना और कामकाज में नई गति लाना है।
स्थानांतरित किए गए निरीक्षकों को प्रदेश के विभिन्न महत्वपूर्ण जिलों में पदस्थ किया गया है। इनमें रायपुर, बिलासपुर, दुर्ग, राजनांदगांव, धमतरी, महासमुंद, कोरबा, जांजगीर-चांपा, बलौदाबाजार-भाटापारा, सक्ती, बेमेतरा, गरियाबंद, रायगढ़, कोरिया, बालोद और खैरागढ़-छुईखदान-गंडई जैसे जिले शामिल हैं। पुलिस मुख्यालय के इस कदम को विभागीय कामकाज और कानून-व्यवस्था के सुदृढ़ीकरण के लिहाज से काफी अहम माना जा रहा है। सभी स्थानांतरित निरीक्षकों को अपने नवीन पदस्थापना स्थल पर तत्काल प्रभाव से कार्यभार संभालने के निर्देश दिए गए हैं।



