रायपुर
राज्य शासन ने प्रशासनिक स्तर पर बड़ा कदम उठाते हुए 11 आईएएस अधिकारियों के तबादले के आदेश जारी किए हैं। इस फेरबदल में कई जिलों के कलेक्टरों की जिम्मेदारियों में बदलाव किया गया है जिससे प्रदेश के प्रशासनिक ढांचे में नई सक्रियता देखने को मिलेगी।
कोरबा जिले के कलेक्टर अजीत वसंत को सरगुजा जिले की कमान सौंपी गई है। वहीं दंतेवाड़ा जिले में कलेक्टर के रूप में कार्यरत कुणाल दुदावत को अब कोरबा जिले का नया कलेक्टर बनाया गया है। सुकमा जिले के कलेक्टर देवेश कुमार ध्रुव को दंतेवाड़ा जिले की जिम्मेदारी दी गई है। नारायणपुर जिले की कलेक्टर रहीं प्रतिष्ठा ममगाई को बेमेतरा जिले का कलेक्टर नियुक्त किया गया है जबकि नम्रता जैन को नारायणपुर जिले का नया कलेक्टर बनाया गया है।
इसके अलावा सरगुजा जिले के कलेक्टर रहे भोसकर विलास संदिपान को अतिरिक्त मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी छत्तीसगढ़ के रूप में अस्थायी रूप से नई जिम्मेदारी दी गई है। बेमेतरा जिले के कलेक्टर रणबीर शर्मा को राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन का प्रबंध संचालक नियुक्त किया गया है। बिलासपुर नगर निगम आयुक्त अमित कुमार को सुकमा जिले का कलेक्टर बनाया गया है जबकि सारंगढ़ बिलाईगढ़ के अपर कलेक्टर प्रकाश कुमार सर्वे को बिलासपुर नगर निगम आयुक्त की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
सुकमा जिले में अपर कलेक्टर के रूप में पदस्थ गजेन्द्र सिंह ठाकुर को जिला पंचायत धमतरी का मुख्य कार्यपालन अधिकारी बनाया गया है वहीं धमतरी जिला पंचायत की मुख्य कार्यपालन अधिकारी रहीं रोमा श्रीवास्तव को मंत्रालय में उप सचिव के पद पर पदस्थ किया गया है।
राज्य शासन द्वारा किए गए इस प्रशासनिक फेरबदल को आगामी कार्ययोजनाओं और सुशासन की दिशा में अहम कदम माना जा रहा है।



