नई दिल्ली: उत्तर भारत सहित देश के कई हिस्से पिछले कुछ समय से सूरज की तपिश और भीषण गर्मी की मार झेल रहे थे। इस बीच मौसम विभाग ने एक बहुत बड़ी राहत की खबर दी है। आसमान में बादलों ने डेरा डालना शुरू कर दिया है और मौसम विभाग ने अगले 20 घंटों के भीतर देश के 15 राज्यों में भीषण बारिश और तेज आंधी का महा-अलर्ट जारी कर दिया है। भट्टी की तरह तप रहे दिल्ली-एनसीआर, उत्तर प्रदेश, राजस्थान और बिहार जैसे राज्यों में हल्की से लेकर मूसलाधार बारिश होने की संभावना है। इस दौरान मौसम का मिजाज इतना आक्रामक हो सकता है कि कुछ इलाकों में 70 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से विनाशकारी हवाएं चल सकती हैं। आईएमडी के मुताबिक, इस बदलाव से तापमान में भारी गिरावट आएगी और लोगों को जानलेवा लू से बड़ी राहत मिलेगी।
मौसम में आए इस अचानक बदलाव की मुख्य वजह दो तरफ से गुजर रहा साइक्लोनिक सर्कुलेशन (टर्फ) है। इनमें से एक टर्फ उत्तरी बिहार से तेलंगाना की ओर और दूसरा उत्तर प्रदेश से ओडिशा की ओर बढ़ रहा है। इसके प्रभाव से बंगाल की खाड़ी से आ रही नम हवाओं ने देश के मध्य और उत्तरी भागों में दस्तक दे दी है। भले ही केरल के तट पर मानसून ने अपनी अपेक्षित तारीख को दस्तक न दी हो, लेकिन यह दक्षिण-पश्चिम और दक्षिण-पूर्व अरब सागर, लक्षद्वीप और बंगाल की खाड़ी के कई हिस्सों में तेजी से आगे बढ़ चुका है, जिससे देशव्यापी प्री-मानसून गतिविधियों को रफ्तार मिली है।
रेलवे का बड़ा फैसला: जून में 77 ट्रेनें रद्द, दुरंतो और ज्ञानेश्वरी जैसी VIP गाड़ियों के रूट भी बदले
दिल्ली-एनसीआर में अगले तीन दिनों के भीतर मौसम का सबसे बड़ा यू-टर्न देखने को मिलेगा, जहां अधिकतम तापमान में 8 डिग्री और न्यूनतम तापमान में 6 डिग्री सेल्सियस तक की भारी गिरावट दर्ज की जा सकती है। आज आसमान पूरी तरह बादलों से घिरा रहेगा और 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से धूलभरी आंधी चलने के आसार हैं, जो कुछ जगहों पर 70 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार भी पकड़ सकती है। यह सिलसिला 31 मई तक लगातार हल्की बारिश और गरज-चमक के साथ जारी रहेगा, जिससे दिल्लीवासियों को तपती गर्मी से बड़ी निजात मिलने वाली है।
उत्तर प्रदेश और बिहार में भी बादलों की आवाजाही के साथ मौसम सुहावना होने लगा है। यूपी के लखनऊ, वाराणसी, प्रयागराज, गोरखपुर और कानपुर जैसे प्रमुख जिलों में 31 मई तक गरज-चमक के साथ झमाझम बारिश की संभावना जताई गई है, जबकि 29 मई को कई इलाकों में ओलावृष्टि और भीषण आंधी का विशेष अलर्ट जारी किया गया है। वहीं बिहार के पटना सहित उत्तर-मध्य और पूर्वी भागों में मध्यम स्तर की बारिश का पूर्वानुमान है, जिससे अगले दो-तीन दिनों में अधिकतम तापमान 2 से 4 डिग्री सेल्सियस तक लुढ़क जाएगा।
राष्ट्रीय शिक्षक पुरस्कार 2026 के लिए आवेदन शुरू, 5 जुलाई तक मौका; ऐसे करें अप्लाई
भीषण गर्मी से सबसे ज्यादा त्रस्त राजस्थान को भी प्रकृति राहत देने जा रही है। राज्य के श्री गंगानगर में पारा 48.2 डिग्री सेल्सियस और बीकानेर-चूरू में 46 डिग्री से ऊपर चल रहा था, लेकिन आज से जयपुर, भरतपुर, अजमेर और बीकानेर संभागों में हल्की बारिश की शुरुआत होने से तापमान में गिरावट आएगी। झारखंड और छत्तीसगढ़ में भी साइक्लोनिक सर्कुलेशन के असर से बुधवार को ही रायपुर और रांची समेत कई हिस्सों में अंधड़ के साथ ओले गिरे हैं। रांची का तापमान 2.3 डिग्री गिरकर 37 डिग्री सेल्सियस पर आ गया है। मौसम विभाग ने झारखंड में 2 जून तक आंधी-बारिश के साथ वज्रपात (बिजली गिरने) की सख्त चेतावनी जारी की है।
शुष्क दिवस : 30 मई शाम 05 बजे से 01 जून तक बंद रहेंगी शराब दुकानें, 04 जून को भी बिक्री प्रतिबंधित
पहाड़ी राज्यों और दक्षिण भारत में भी मौसम का मिजाज पूरी तरह बदल गया है। उत्तराखंड के उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली और देहरादून जैसे पांच जिलों में भारी बारिश और ओलावृष्टि का ‘ऑरेंज अलर्ट’ जारी किया गया है, जहाँ 60 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं। हिमाचल प्रदेश और जम्मू-कश्मीर के पहाड़ी इलाकों में भी 29-30 मई तक आंधी-तूफान के साथ बारिश का दौर चलेगा। उधर दक्षिण में महाराष्ट्र के विदर्भ और तेलंगाना के हैदराबाद, सिकंदराबाद व गचीबोवली जैसे इलाकों के लिए भी ‘ऑरेंज और येलो अलर्ट’ जारी किया गया है, जहाँ तेज हवाओं के साथ मध्यम से भारी बारिश दर्ज की जा सकती है। मौसम विभाग ने आकाशीय बिजली और तेज आंधी को देखते हुए सभी नागरिकों से सुरक्षित स्थानों पर रहने की अपील की है।


