रियाद: सऊदी अरब में आज शाम शव्वाल का चांद देखने की तैयारी पूरी कर ली गई है। यदि आज सूर्यास्त के बाद आसमान में चांद नजर आता है, तो सऊदी अरब में कल यानी शुक्रवार को जुमे के दिन ईद-उल-फितर मनाई जाएगी। सऊदी सुप्रीम कोर्ट ने स्थानीय नागरिकों से अपील की है कि वे आज शाम को चांद देखने की कोशिश करें और इसकी गवाही दर्ज कराएं।
रमजान का महीना अब अपने आखिरी पड़ाव पर है और पूरी दुनिया की नजरें आज सऊदी अरब से आने वाले आधिकारिक फैसले पर टिकी हैं। अगर आज चांद की तस्दीक हो जाती है, तो खाड़ी देशों में कल ईद की नमाज अदा की जाएगी। हालांकि, यदि आज चांद नहीं दिखता है, तो रमजान के 30 रोजे पूरे किए जाएंगे और ईद शनिवार को मनाई जाएगी।
सऊदी अरब में जुमे के दिन ईद होने की संभावना को लेकर लोगों में काफी उत्साह देखा जा रहा है। आमतौर पर सऊदी अरब में ईद होने के एक दिन बाद भारत और अन्य पड़ोसी देशों में चांद दिखता है, जिसके आधार पर भारत में शनिवार या रविवार को ईद होने की उम्मीद जताई जा रही है।


