नई दिल्ली | 29 मार्च 2026
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज ‘मन की बात’ के माध्यम से देशवासियों को संबोधित करते हुए वैश्विक स्तर पर चल रही हलचलों पर गहरी चिंता व्यक्त की। उन्होंने कहा कि पूरा विश्व कोरोना संकट से उबरने के बाद प्रगति की उम्मीद कर रहा था, लेकिन दुनिया के विभिन्न क्षेत्रों में लगातार हो रहे युद्ध और संघर्ष की स्थितियों ने नई चुनौतियां पैदा कर दी हैं। विशेष रूप से खाड़ी देशों में चल रहे तनाव का उल्लेख करते हुए प्रधानमंत्री ने वहां रह रहे एक करोड़ से ज्यादा भारतीयों की सुरक्षा के लिए खाड़ी देशों की सरकारों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने आगाह किया कि यह क्षेत्र हमारी ऊर्जा आवश्यकताओं का केंद्र है, जिससे पेट्रोल और डीजल का संकट बढ़ सकता है, लेकिन भारत अपने वैश्विक संबंधों और पिछले एक दशक के सामर्थ्य के बल पर इन परिस्थितियों का डटकर मुकाबला कर रहा है।
प्रधानमंत्री ने देश की महान संस्कृति और समृद्ध विरासत को सुरक्षित रखने के लिए एक विशेष अभियान ‘ज्ञान भारतम सर्वे’ की शुरुआत की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि इस सर्वे का मुख्य उद्देश्य देश के कोने-कोने में मौजूद प्राचीन पांडुलिपियों (Manuscripts) के बारे में जानकारी एकत्र करना है। पीएम ने ‘ज्ञान भारतम ऐप’ का उल्लेख करते हुए बताया कि अरुणाचल प्रदेश से लेकर लद्दाख और अमृतसर से लेकर राजस्थान तक के लोग अपनी दुर्लभ पांडुलिपियों की फोटो साझा कर रहे हैं। इनमें ताई लिपि, गुरुमुखी और तांबे की प्लेटों (Copper Plates) पर लिखी प्राचीन जानकारियां शामिल हैं। उन्होंने सभी देशवासियों से आग्रह किया कि वे अपनी पारिवारिक या सामुदायिक विरासत को इस डिजिटल प्लेटफॉर्म के माध्यम से दुनिया के सामने लाएं।
खेल जगत की उपलब्धियों पर गर्व व्यक्त करते हुए प्रधानमंत्री ने जम्मू-कश्मीर की क्रिकेट टीम को विशेष बधाई दी। उन्होंने बताया कि करीब 7 दशकों के लंबे इंतजार के बाद जम्मू-कश्मीर ने अपना पहला रणजी ट्रॉफी खिताब जीतकर इतिहास रच दिया है। टीम के कप्तान पारस डोगरा और शानदार प्रदर्शन करने वाले गेंदबाज आकिब नबी की सराहना करते हुए उन्होंने कहा कि यह जीत वहां के युवाओं को खेलों के प्रति और अधिक प्रेरित करेगी। इसके साथ ही उन्होंने न्यूयॉर्क सिटी हाफ मैराथन में तीसरा स्थान पाने वाले गुलवीर सिंह और स्क्वैश की उभरती सितारा अनाहत सिंह की भी प्रशंसा की, जो विश्व रैंकिंग में अपना लोहा मनवा रही हैं।
प्रधानमंत्री ने गर्मी के मौसम की शुरुआत के साथ ही जल संरक्षण के संकल्प को दोहराने की अपील की। उन्होंने छत्तीसगढ़ के कोरिया जिले के किसानों के एक प्रेरक प्रयास का जिक्र किया, जहां 1200 से अधिक किसानों ने अपने खेतों में छोटे-छोटे रिचार्ज तालाब और सोखता गड्ढे बनाकर भूजल स्तर को सुधारने का काम किया है। इसी तरह त्रिपुरा के वांगमुन गाँव का उदाहरण देते हुए उन्होंने बताया कि कैसे वहां के ग्रामीणों ने छतों पर ‘रेन वाटर हार्वेस्टिंग’ सिस्टम लगाकर पानी की कमी को दूर किया है। पीएम ने ‘पीएम सूर्य घर मुफ़्त बिजली योजना’ के माध्यम से देश में आ रही सौर ऊर्जा क्रांति की भी चर्चा की और बताया कि कैसे गुजरात की पायल मुंजपारा जैसी युवा महिलाएं अब सोलर टेक्नीशियन बनकर आत्मनिर्भर बन रही हैं।
अंत में प्रधानमंत्री ने ‘मेरा युवा भारत’ (MY Bharat) संगठन के माध्यम से राष्ट्र निर्माण में युवाओं की भागीदारी की सराहना की। उन्होंने बजट प्रक्रिया पर आयोजित क्विज में हिस्सा लेने वाले 12 लाख युवाओं के उत्साह को भारत के उज्जवल भविष्य का संकेत बताया। स्वास्थ्य के प्रति सचेत करते हुए उन्होंने अंतरराष्ट्रीय योग दिवस की तैयारियों और दैनिक जीवन में चीनी व तेल के उपयोग को कम करने का सुझाव दिया। प्रधानमंत्री ने बेंगलुरू के ‘प्रयोग’ संस्थान की भी तारीफ की, जो स्कूली स्तर पर विज्ञान की शिक्षा को लोकप्रिय बना रहा है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि 140 करोड़ देशवासियों के सामूहिक प्रयास से भारत हर कठिन परिस्थिति से विजयी होकर बाहर निकलेगा।

