जशपुर जिले के शिक्षा विभाग में एक बार फिर प्रशासनिक फेरबदल हुआ है। कलेक्टर कार्यालय द्वारा जारी ताजा आदेश के अनुसार, जिला शिक्षा अधिकारी श्री प्रमोद कुमार भटनागर के 28 फरवरी 2026 को सेवानिवृत्त होने के बाद अब जिले की कमान श्री नरेंद्र कुमार सिन्हा को सौंपी गई है। वर्तमान में समग्र शिक्षा के जिला मिशन समन्वयक (DMC) के रूप में कार्यरत श्री सिन्हा को जिला शिक्षा अधिकारी का प्रशासनिक एवं वित्तीय प्रभार दिया गया है।

उल्लेखनीय है कि श्री नरेंद्र कुमार सिन्हा के पास शिक्षा विभाग के कार्यों का लंबा अनुभव है और वे इससे पहले भी जिले में DEO के पद पर अपनी सेवाएं दे चुके हैं। उनके पिछले कार्यकाल और अनुभव को देखते हुए शासन ने एक बार फिर उन पर भरोसा जताया है।
कलेक्टर के आदेशानुसार, निवर्तमान अधिकारी श्री भटनागर को आगामी तीन दिनों के भीतर समस्त कार्यभार श्री सिन्हा को सौंपने के निर्देश दिए गए हैं। यह आदेश तत्काल प्रभाव से लागू हो गया है और इसकी सूचना स्कूल शिक्षा विभाग के उच्चाधिकारियों को भी भेज दी गई है।

