छत्तीसगढ़ माध्यमिक शिक्षा मंडल ने जारी किया 10वीं–12वीं परीक्षा मूल्यांकन का कार्यक्रम जारी
रायपुर/नई दिल्ली: छत्तीसगढ़ की माटी के हुनर ने आज देश की राजधानी में अपनी मेधा का लोहा मनवाया है। नई दिल्ली के प्रतिष्ठित भारत मंडपम में आयोजित ‘इंडिया AI इंपैक्ट समिट’ में रायपुर के प्रतिभाशाली भाई-बहन, अनुराग मानिक और आस्था मानिक ने अपनी असाधारण प्रतिभा से पूरे प्रदेश को गौरवान्वित किया है। इस प्रतिष्ठित राष्ट्रीय बिल्डथॉन प्रतियोगिता में प्रथम स्थान हासिल कर उन्होंने यह साबित कर दिया है कि छत्तीसगढ़ के युवा आधुनिक तकनीक और नवाचार के मामले में देश के शीर्ष नेतृत्व के साथ कंधे से कंधा मिलाकर चल रहे हैं।
NCERT : “ई मैजिक बॉक्स” अब बच्चों की पढ़ाई में लगेगा एआई का जादू
यह सफर बेहद चुनौतीपूर्ण था, जहाँ देशभर से आए 40,000 से अधिक धुरंधर प्रतिभागियों के बीच तीन कड़े तकनीकी चरणों को पार करना अनुराग और आस्था के कड़े परिश्रम और विजन का परिणाम रहा। उनकी इस ऐतिहासिक उपलब्धि पर मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय ने गहरा हर्ष व्यक्त करते हुए इसे छत्तीसगढ़ की उभरती हुई तकनीकी शक्ति और युवाओं के बढ़ते आत्मविश्वास का एक सशक्त प्रतीक बताया है। मुख्यमंत्री ने विशेष रूप से उनके द्वारा विकसित किए गए ‘कर्तव्य’ AI ऐप की सराहना की, जो वर्तमान डिजिटल युग की सबसे बड़ी चुनौतियों में से एक ‘वॉइस क्लोनिंग’ और ‘डीपफेक’ धोखाधड़ी से निपटने में एक सुरक्षा कवच की तरह काम करेगा। यह ऐप एआई-जनित कृत्रिम आवाज और वास्तविक मानवीय आवाज के बीच के सूक्ष्म अंतर को सटीकता से पहचान सकता है, जो तकनीकी कौशल को सामाजिक सरोकारों से जोड़ने का एक अनुकरणीय उदाहरण है।
मुख्यमंत्री श्री साय ने विजेताओं को बधाई देते हुए रेखांकित किया कि छत्तीसगढ़ के युवा जहाँ एक ओर अपनी समृद्ध सांस्कृतिक विरासत और परंपराओं को सहेज रहे हैं, वहीं दूसरी ओर वे विज्ञान और स्टार्टअप के क्षेत्र में भी नई ऊंचाइयों को छू रहे हैं। उन्होंने विश्वास जताया कि राज्य सरकार द्वारा युवाओं को दिए जा रहे निरंतर प्रोत्साहन और अवसरों के कारण आने वाले समय में प्रदेश के युवा दुनिया भर में अपनी एक अलग पहचान बनाएंगे। अनुराग और आस्था की यह सफलता न केवल उनके परिवार के लिए, बल्कि पूरे छत्तीसगढ़ के लिए प्रेरणा का एक नया अध्याय है, जो यह संदेश देती है कि नवाचार और दृढ़ निश्चय के साथ किसी भी वैश्विक चुनौती का समाधान निकाला जा सकता है।

