रायपुर। छत्तीसगढ़ मंत्रालय में सुरक्षा और अनुशासन को और अधिक सुदृढ़ बनाने के उद्देश्य से अब अधिकारियों और कर्मचारियों के लिए नवीनतम तकनीक से लैस परिचय-पत्र अनिवार्य कर दिया गया है। सामान्य प्रशासन विभाग द्वारा जारी आदेश के अनुसार, अब मंत्रालय में प्रवेश के लिए RFID, QR कोड और होलोग्राम युक्त पहचान-पत्र (ID Card) तथा सह-प्रवेश पत्र अनिवार्य होगा। साथ ही, कार्यालयीन समय के दौरान यह पहचान-पत्र पहनना सभी के लिए अनिवार्य किया गया है।
नई व्यवस्था के तहत पे-मेट्रिक्स लेवल के आधार पर पहचान-पत्र के फीते (लेनीयार्ड) का रंग तय किया गया है। मंत्रालय में कार्यरत शासकीय सेवकों के लिए पीले रंग का फीता, अन्य स्थानों पर पदस्थ लेकिन मंत्रालय में प्रवेश करने वाले शासकीय सेवकों के लिए नीले रंग का फीता, जबकि गैर-शासकीय व्यक्तियों के लिए सफेद रंग का फीता निर्धारित किया गया है।
इस आदेश को शासन के सभी विभागों, राजस्व मंडल बिलासपुर के अध्यक्ष, सभी विभागाध्यक्षों, संभागीय आयुक्तों तथा समस्त जिलों के कलेक्टरों को जारी किया गया है, ताकि जल्द से जल्द इस व्यवस्था को लागू किया जा सके।
यह कदम मंत्रालय परिसर में सुरक्षा को बढ़ाने और अनधिकृत प्रवेश को रोकने के उद्देश्य से उठाया गया है। अब सभी निगाहें इस नई व्यवस्था के प्रभावी क्रियान्वयन पर टिकी हैं।