रायपुर: छत्तीसगढ़ में आपातकालीन सेवा ‘डायल-112’ के संचालन और वाहनों की स्थिति को लेकर विधानसभा में अहम जानकारी सामने आई है। विधायक राजेश मूणत के प्रश्न के उत्तर में उपमुख्यमंत्री एवं गृह मंत्री श्री विजय शर्मा ने बताया कि डायल-112 योजना के लिए नई टेंडर प्रक्रिया पूरी कर ली गई है। उन्होंने स्पष्ट किया कि इस योजना के लिए पूर्व में किया गया टेंडर 10 फरवरी 2026 को समाप्त हो चुका है।
16 जिलों में विस्तार और वाहनों का विवरण
गृह मंत्री ने सदन को अवगत कराया कि वर्तमान में डायल-112 योजना राज्य के 16 जिलों (नव सृजित जिलों सहित) में सफलतापूर्वक संचालित की जा रही है। इस योजना के तहत आपातकालीन प्रतिक्रिया के लिए कुल 252 ईआरवी (ERV) वाहन क्रय किए गए थे। वर्तमान स्थिति में इन 252 वाहनों में से 232 ईआरवी वाहन सक्रिय रूप से सड़कों पर अपनी सेवाएं दे रहे हैं।
टाटा मोटर्स से हुई थी खरीदी
वाहनों की खरीद प्रक्रिया की जानकारी देते हुए मंत्री ने बताया कि इन वाहनों का क्रय ‘जेम पोर्टल’ (GeM Portal) के माध्यम से किया गया था। इसके लिए 8 मार्च 2018 को टाटा मोटर्स लिमिटेड को टाटा सुमो वाहन क्रय करने का कार्य आदेश जारी किया गया था। इन वाहनों की खरीदी पर सरकार ने कुल 16,27,96,032 रुपये (16.27 करोड़ से अधिक) की राशि व्यय की है।
इस नई टेंडर प्रक्रिया के पूरा होने से उम्मीद जताई जा रही है कि आने वाले समय में डायल-112 सेवा का विस्तार राज्य के अन्य हिस्सों में भी किया जाएगा और तकनीकी रूप से इसे और भी सुदृढ़ बनाया जाएगा।

