छत्तीसगढ़ में ठंड का डबल अटैक: तापमान में गिरावट के आसार, सरगुजा-जशपुर में सबसे ज्यादा ठंड, रायपुर भी ठिठुरा, मौसम विभाग ने जारी किया अलर्ट
भारतीय जनता पार्टी के संसदीय बोर्ड ने बिहार सरकार में मंत्री नितिन नबीन को पार्टी का राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष नियुक्त किया है। पार्टी की ओर से जारी आदेश के अनुसार यह नियुक्ति 14 दिसंबर 2025 से तत्काल प्रभाव से लागू हो गई है। जेपी नड्डा के बाद अब संगठन की यह अहम जिम्मेदारी नितिन नबीन संभालेंगे। भाजपा इसे बिहार के साथ-साथ राष्ट्रीय राजनीति में संगठनात्मक मजबूती के रूप में देख रही है।
पांच बार के विधायक हैं नितिन नबीन
नितिन नबीन बिहार की राजनीति का जाना-पहचाना चेहरा हैं। वे पटना की बांकीपुर विधानसभा सीट से लगातार पांचवीं बार विधायक चुने गए हैं। वर्तमान में वे बिहार सरकार में सड़क निर्माण मंत्री हैं। 45 वर्षीय नितिन नबीन कायस्थ समुदाय से आते हैं और इससे पहले छत्तीसगढ़ भाजपा के प्रभारी की जिम्मेदारी भी निभा चुके हैं।
तत्काल प्रभाव से लागू हुई नियुक्ति
भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव एवं मुख्यालय प्रभारी अरुण सिंह द्वारा जारी संगठनात्मक आदेश में कहा गया है कि भाजपा के संसदीय बोर्ड ने बिहार सरकार के मंत्री नितिन नबीन को पार्टी का राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष नियुक्त किया है। आदेश में स्पष्ट किया गया है कि यह नियुक्ति तत्काल प्रभाव से लागू होगी।
राजनीतिक परिवार से आते हैं नितिन नबीन
नितिन नबीन का जन्म पटना में हुआ। उनके पिता नवीन किशोर प्रसाद सिन्हा भाजपा के वरिष्ठ नेता और पूर्व विधायक रहे हैं। पिता के निधन के बाद नितिन नबीन सक्रिय रूप से चुनावी राजनीति में उतरे। राजनीति में आने से पहले वे भाजपा युवा मोर्चा में भी सक्रिय भूमिका निभा चुके हैं। उन्होंने पहली बार 2006 के उपचुनाव में जीत दर्ज की थी। इसके बाद 2010, 2015, 2020 और अब 2025 के बिहार विधानसभा चुनाव में लगातार जीत हासिल की। हाल ही में संपन्न हुए 2025 के विधानसभा चुनाव में नितिन नबीन ने 98,299 वोट प्राप्त कर आरजेडी प्रत्याशी रेखा कुमारी को 51 हजार से अधिक वोटों के बड़े अंतर से हराया।
भाजपा नेताओं ने दी बधाई
नितिन नबीन को राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष बनाए जाने पर बिहार भाजपा अध्यक्ष और मंत्री दिलीप जायसवाल ने कहा,
“यह भाजपा के लिए ऐतिहासिक दिन है कि बिहार के एक नेता को इतनी बड़ी जिम्मेदारी दी गई है। मैं नितिन नबीन को बधाई देता हूं।” वहीं बिहार के उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने कहा, “मैं भाजपा नेतृत्व का धन्यवाद करता हूं। बिहार से नितिन नबीन का राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष बनना गर्व की बात है। उनके नेतृत्व में भाजपा बिहार सहित पूरे देश में और मजबूत होगी।”


