रायपुर, 8 अक्टूबर 2025।
छत्तीसगढ़ में खरीफ विपणन सत्र 2024-25 के लिए धान खरीदी की तारीख तय कर दी गई है। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने घोषणा की है कि राज्य में 15 नवंबर से समर्थन मूल्य पर धान खरीदी शुरू होगी। उन्होंने कहा कि प्रदेश के सभी पंजीकृत किसानों से धान की खरीदी की जाएगी, और शासन ने समय पर भुगतान तथा खरीदी व्यवस्था को सुचारू रखने के लिए तैयारी शुरू कर दी है।
मुख्यमंत्री ने बताया कि राज्य सरकार किसानों को किसी भी प्रकार की परेशानी से बचाने के लिए पूरी प्रणाली को डिजिटल और पारदर्शी बनाने पर जोर दे रही है। इस दिशा में खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति विभाग ने खरीफ विपणन वर्ष 2025-26 के लिए धान खरीदी हेतु किसानों का एग्रीस्टैक पोर्टल पर पंजीयन अनिवार्य कर दिया है।
एग्रीस्टैक पोर्टल से संबंधित जानकारी या तकनीकी सहायता के लिए किसान टोल फ्री नंबर 1800-233-1030 पर संपर्क कर सकते हैं।
गत वर्ष राज्य के 25.49 लाख किसानों ने समर्थन मूल्य पर धान विक्रय किया था, जबकि वर्तमान वर्ष में अब तक 21.47 लाख किसानों ने एग्रीस्टैक पोर्टल पर पंजीकरण करा लिया है। शेष किसान अपने निकटतम सहकारी समिति या निर्धारित केंद्र में जाकर 31 अक्टूबर 2025 तक पंजीयन करा सकते हैं।
राज्य सरकार ने सभी जिला कलेक्टरों और समितियों को आवश्यक निर्देश जारी करते हुए कहा है कि कोई भी पात्र किसान पंजीयन से वंचित न रहे।
सरकार का दावा है कि एग्रीस्टैक पोर्टल डिजिटल क्रांति की दिशा में एक मील का पत्थर साबित होगा, जो छत्तीसगढ़ की धान खरीदी प्रणाली को पारदर्शी, सटीक और किसान हितैषी बनाएगा।

