मनोरा।
छत्तीसगढ़ शासन के निर्देशानुसार विकासखंड मनोरा में हर्षोल्लास के साथ खंड स्तरीय शाला प्रवेशोत्सव का आयोजन किया गया। जशपुर विधायक श्रीमती रायमुनी भगत के मुख्य आतिथ्य में आयोजित इस कार्यक्रम में शिक्षा के प्रति उत्साह और उमंग का वातावरण रहा। इस अवसर पर विकासखंड मुख्यालय स्थित जनपद प्राथमिक शाला के 100 वर्ष पूर्ण होने पर शताब्दी समारोह भी मनाया गया।
शताब्दी समारोह और सम्मान का भाव
शताब्दी समारोह के दौरान जनपद प्राथमिक शाला मनोरा के 100 गौरवशाली वर्षों का स्मरण किया गया। विद्यालय के प्रधान पाठक बेंजामिन एक्का के विशेष निमंत्रण पर यहाँ से शिक्षा ग्रहण कर चुके सेवानिवृत्त और वर्तमान में सेवारत कर्मचारियों को आमंत्रित किया गया। मुख्य अतिथि विधायक रायमुनी भगत ने साल और श्रीफल भेंटकर इन सभी का सम्मान किया, जो कार्यक्रम का एक भावुक और प्रेरणादायक क्षण रहा।
नवप्रवेशी विद्यार्थियों का हुआ स्वागत
शताब्दी समारोह के पश्चात पीएमश्री स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट अंग्रेजी-हिंदी माध्यम विद्यालय के सभागार में शाला प्रवेशोत्सव का मुख्य कार्यक्रम संपन्न हुआ। यहाँ कक्षा पहली, छठी और नौवीं के नवप्रवेशी विद्यार्थियों को तिलक लगाकर और मिष्ठान खिलाकर उनका विद्यालय में स्वागत किया गया। विद्यार्थियों को पाठ्यपुस्तकें और गणवेश वितरित किए गए। वहीं, सरस्वती साइकिल योजना के अंतर्गत कक्षा नौवीं की छात्राओं को साइकिलें प्रदान की गईं।
प्रवेशोत्सव को यादगार बनाने के लिए शिक्षिका मंजुला झा द्वारा एक अनूठी पहल की गई, जिसमें सभी नवप्रवेशी छात्रों की हथेलियों के निशान एक सफेद कपड़े पर लिए गए, जिस पर उपस्थित जनप्रतिनिधियों ने हस्ताक्षर कर बच्चों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों का मार्गदर्शन
विधायक रायमुनी भगत ने सभा को संबोधित करते हुए कहा कि शिक्षा ही जीवन का आधार है और इसी से मनुष्य का सर्वांगीण विकास संभव है। उन्होंने अभिभावकों से अपील की कि वे अपने बच्चों का नामांकन अनिवार्य रूप से पास के विद्यालय में कराएं। विकासखंड शिक्षा अधिकारी तरुण कुमार पटेल ने स्वागत उद्बोधन में शत-प्रतिशत नामांकन और बच्चों की नियमित शाला उपस्थिति सुनिश्चित करने पर जोर दिया।
कार्यक्रम का संचालन बीआरसी आशुतोष शर्मा ने किया। इस आयोजन में जनपद उपाध्यक्ष हैप्पी कमल कुजूर, रंजीत भगत, सुषमा सिंह, रामदास यादव, भजुनन्दन नायक, आशुतोष राय सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि और गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। आयोजन को सफल बनाने में एबीईओ जगतपाल, मनोज सिंह, प्रवीण कुमार पाठक, विनोद भगत, विपिन विकास खरे, प्रेमलाल बर्मन सहित समस्त संकुल प्राचार्य, समन्वयक, शिक्षक और कार्यालयीन स्टाफ का सराहनीय योगदान रहा।


