छत्तीसगढ़ में ठंड का सितम लगातार जारी है। राज्य के मध्य हिस्से में अगले दो दिनों तक शीतलहर के हालात बने रहने की संभावना है, जबकि उत्तरी इलाकों में सुबह के समय घना कोहरा छाए रहने का अलर्ट मौसम विभाग ने जारी किया है। मौसम विभाग के अनुसार, आने वाले दो दिनों तक 6 जिलों में शीतलहर और 7 जिलों में घने कोहरे को लेकर ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है।मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक, सरगुजा संभाग के जिलों में कई स्थानों पर मध्यम से घना कोहरा छा सकता है। वहीं बिलासपुर संभाग के जिलों में भी एक-दो स्थानों पर कोहरे की स्थिति बन सकती है। अगले दो दिनों तक तापमान में किसी बड़े बदलाव के आसार नहीं हैं, हालांकि इसके बाद अगले तीन दिनों में तापमान 1 से 2 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ सकता है।
यूट्यूब सर्वर फेल, अचानक क्रैश से मचा हड़कंप, भारत अमेरिका सहित दुनियाभर में घंटों सेवाएं रहीं ठप
बीते 24 घंटों में राजधानी रायपुर के माना सहित कई इलाकों में न्यूनतम तापमान एक बार फिर 10 डिग्री सेल्सियस से नीचे चला गया। प्रदेश में सबसे अधिक अधिकतम तापमान 30 डिग्री सेल्सियस दुर्ग में दर्ज किया गया, जबकि सबसे कम न्यूनतम तापमान 5.8 डिग्री सेल्सियस अंबिकापुर में रिकॉर्ड किया गया।
इन जिलों में शीतलहर और कोहरे का अलर्ट
मौसम विभाग ने आगामी दो दिनों के लिए रायपुर, खैरागढ़-छुईखदान-गंडई, राजनांदगांव, कबीरधाम और बेमेतरा जिलों के एक-दो स्थानों पर शीतलहर चलने की चेतावनी दी है। वहीं 21 दिसंबर तक गौरेला-पेंड्रा-मरवाही, कोरिया, मनेंद्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर, सूरजपुर, सरगुजा, जशपुर और बलरामपुर जिलों में मध्यम से घना कोहरा छाए रहने की संभावना जताई गई है।
उधर झारखंड में भी ठंड ने अपना तीखा असर दिखाना शुरू कर दिया है। गढ़वा, पलामू, लोहरदगा और रांची समेत कई जिलों में बीते 24 घंटों के दौरान हाड़ कंपा देने वाली ठंड महसूस की गई। दिन में धूप निकलने के बावजूद ठंडी और तेज हवाओं के कारण लोग घरों में रहने को मजबूर हैं।
रांची मौसम विज्ञान केंद्र ने राज्य में कड़ाके की ठंड का अलर्ट जारी किया है। मौसम विज्ञान केंद्र के निदेशक अभिषेक आनंद के अनुसार, आज राज्य के गढ़वा, पलामू, हजारीबाग, चतरा, लातेहार, गिरिडीह, रांची, खूंटी और देवघर जिलों में घना कोहरा छाए रहने की संभावना है। इसके साथ ही कई इलाकों में शीतलहर चल सकती है।मौसम विभाग का कहना है कि अगले दो दिनों तक झारखंड में शीतलहर से सतर्क रहने की जरूरत है। राजधानी रांची सहित अधिकांश जिलों में तापमान 10 डिग्री सेल्सियस से नीचे बना हुआ है। कोहरे और ठंडी हवाओं के कारण सुबह जल्दी घर से निकलना मुश्किल हो गया है, वहीं शाम के बाद ग्रामीण इलाकों में सड़कों पर सन्नाटा पसरा नजर आ रहा है।
200 से ज्यादा दवाएं गुणवत्ता मानकों पर खरी नहीं उतरीं: स्वास्थ्य मंत्रालय

