रायपुर। छत्तीसगढ़ भाजपा संगठन 31 अगस्त को राजधानी रायपुर के कुशाभाऊ ठाकरे परिसर में बड़ी बैठक करने जा रहा है। इस बैठक में भाजपा के राष्ट्रीय सह संगठन महामंत्री शिव प्रकाश और प्रदेश प्रभारी नितिन नबीन विशेष रूप से मौजूद रहेंगे और नए पदाधिकारियों को संगठन की कार्यप्रणाली पर प्रशिक्षण देंगे।
बैठक में प्रदेश भाजपा के सभी 476 मंडल अध्यक्ष, 36 जिला अध्यक्ष, प्रदेश कार्यकारिणी, मोर्चा अध्यक्ष और प्रकोष्ठ संयोजक शामिल होंगे। यह बैठक प्रदेश संगठन की नई कार्यकारिणी के गठन के बाद पहली बड़ी बैठक होगी।
संभावना जताई जा रही है कि विदेश दौरे से लौटने के बाद मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय भी इस बैठक में मौजूद रहेंगे। वहीं दोनों डिप्टी सीएम अरुण साव और विजय शर्मा समेत प्रदेश के तमाम वरिष्ठ मंत्री व नेता इसमें भाग लेंगे।
भाजपा संगठन ने हाल ही में रिकॉर्ड 60 लाख सदस्यता अभियान, बूथ स्तरीय चुनाव और नए मंडलों व जिलों का गठन कर संरचना को मजबूत किया है। अब इस बैठक में नए पदाधिकारियों को आगे की रणनीति और संगठन की कार्यशैली सिखाई जाएगी।