अंबिकापुर नाबालिग से दुष्कर्म के गंभीर मामले में फरार चल रहे आरोपी को सरगुजा पुलिस ने 10 दिनों तक लगातार पीछा करने के बाद बिहार की राजधानी पटना से गिरफ्तार कर लिया। आरोपी गिरफ्तारी से बचने के लिए लगातार अपनी लोकेशन बदल रहा था, मोबाइल बंद रखता था और जरूरत पड़ने पर राहगीरों के मोबाइल से परिचितों से संपर्क करता था। आरोपी की गिरफ्तारी पर डीआईजी एवं एसएसपी सरगुजा द्वारा 5 हजार रुपये के इनाम की घोषणा भी की गई थी।

पुलिस के अनुसार थाना कोतवाली अंबिकापुर में अपराध क्रमांक 504/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 65(1) तथा पॉक्सो एक्ट की धारा 4 एवं 6 के अंतर्गत मामला दर्ज किया गया था। प्रकरण में आरोपी तरुण कुमार जायसवाल (51 वर्ष) निवासी ग्राम भफौली, थाना कोतवाली अंबिकापुर, घटना के बाद से लगातार फरार चल रहा था।

मामले को गंभीरता से लेते हुए डीआईजी एवं एसएसपी सरगुजा राजेश अग्रवाल ने आरोपी की शीघ्र गिरफ्तारी के लिए दो विशेष पुलिस टीमों का गठन किया। नगर पुलिस अधीक्षक अंबिकापुर के नेतृत्व में गठित टीमों ने आरोपी के संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दी और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर उसकी तलाश शुरू की।

*देवघर, वासुकीनाथ, पुरी, रांची होते हुए पटना पहुंचा आरोपी*

जांच के दौरान पुलिस ने आरोपी के बैंक खाते फ्रीज कराए, वाहन की ट्रैवल हिस्ट्री निकाली तथा उसके और उसके संपर्क में रहने वाले लोगों के मोबाइल नंबरों की तकनीकी जानकारी जुटाई। आरोपी के दोनों घरों में ताला लगा मिला और उसका मोबाइल भी लगातार बंद था।

पुलिस टीम पिछले 10 दिनों से आरोपी का पीछा करते हुए देवघर, वासुकीनाथ, पुरी और रांची सहित कई स्थानों तक पहुंची। अंततः पटना (बिहार) में उसके ठिकाने की सटीक जानकारी मिलने पर स्थानीय पुलिस के सहयोग से आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया।

*राहगीरों के मोबाइल से करता था संपर्क*

पुलिस जांच में सामने आया कि गिरफ्तारी से बचने के लिए आरोपी अपना मोबाइल बंद रखता था और पहचान छिपाने के उद्देश्य से राह चलते लोगों के मोबाइल फोन मांगकर परिचितों से बातचीत करता था, ताकि उसकी लोकेशन ट्रेस न हो सके।

*ट्रांजिट रिमांड पर अंबिकापुर लाया जा रहा आरोपी*

गिरफ्तारी के बाद आरोपी को ट्रांजिट रिमांड के लिए पटना की अदालत में पेश किया गया, जहां से रिमांड मिलने के बाद उसे अंबिकापुर लाया जा रहा है। मामले में पुलिस की आगे की विवेचना जारी है।

*लाइसेंसी 12 बोर बंदूक भी जब्त*

पुलिस ने आरोपी के नाम पर जारी लाइसेंसी 12 बोर डीबीबीएल बंदूक और उसका लाइसेंस भी जब्त कर लिया है। बताया गया कि लाइसेंस निरस्त होने के बाद पुलिस ने आरोपी के घर से उक्त शस्त्र बरामद किया।

सरगुजा पुलिस का कहना है कि मामले की विवेचना जारी है और आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

Share.

About Us

CG NOW एक भरोसेमंद और निष्पक्ष न्यूज़ प्लेटफॉर्म है, जो आपको छत्तीसगढ़, भारत और दुनिया भर की ताज़ा, सटीक और तथ्य-आधारित खबरें प्रदान करता है। हमारी प्राथमिकता है जनता तक सही और निष्पक्ष जानकारी पहुँचाना, ताकि वे हर पहलू से जागरूक और अपडेटेड रहें।

Contact Us

Syed Sameer Irfan
📞 Phone: 94255 20244
📧 Email: sameerirfan2009@gmail.com
📍 Office Address: 88A, Street 5 Vivekanand Nagar, Bhilai 490023
📧 Email Address: cgnow.in@gmail.com
📞 Phone Number: 94255 20244

© 2025 cgnow.in. Designed by Nimble Technology.

error: Content is protected !!
Exit mobile version