बलरामपुर
छत्तीसगढ़ और झारखंड की सीमा पर रविवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। सगाई समारोह में शामिल होने जा रही यात्रियों से भरी बस झारखंड के महुआडांड़ थाना क्षेत्र अंतर्गत ओरसा घाटी में अनियंत्रित होकर पलट गई। इस भीषण हादसे में छत्तीसगढ़ के पांच लोगों की मौत की सूचना है जबकि 87 यात्री घायल हो गए। हादसे के बाद इलाके में अफरा तफरी मच गई और घटनास्थल पर चीख पुकार का माहौल बन गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार बस छत्तीसगढ़ के बलरामपुर जिले के महाराजगंज गांव से यात्रियों को लेकर झारखंड जा रही थी। ओरसा घाटी के घुमावदार और ढलान वाले रास्ते पर पहुंचते ही चालक का वाहन से नियंत्रण हट गया और बस सड़क किनारे पलट गई। दुर्घटना इतनी भयावह थी कि बस में सवार लगभग सभी यात्रियों को चोटें आई हैं जिनमें कई की हालत गंभीर बताई जा रही है।
हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय ग्रामीण सबसे पहले मौके पर पहुंचे और मानवता का परिचय देते हुए राहत कार्य में जुट गए। ग्रामीणों ने घायलों को बस से बाहर निकाला और अपने निजी वाहनों से अस्पताल पहुंचाने में मदद की। इसके बाद प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग को सूचना दी गई।
महुआडांड़ के एसडीएम विपिन कुमार दुबे के निर्देश पर प्रशासनिक और चिकित्सा टीम को तत्काल अलर्ट किया गया। महुआडांड़ गारू और नेतरहाट से एंबुलेंस और मेडिकल टीम घटनास्थल पर पहुंची। घायलों को प्राथमिक उपचार के लिए महुआडांड़ अस्पताल में भर्ती कराया गया जहां डॉक्टरों की टीम लगातार इलाज में जुटी हुई है। गंभीर रूप से घायल कुछ यात्रियों को बेहतर उपचार के लिए अन्य अस्पतालों में रेफर किया गया है।
इस दर्दनाक हादसे पर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने गहरा शोक व्यक्त किया है। मुख्यमंत्री ने कहा कि छत्तीसगढ़ झारखंड सीमा पर बलरामपुर के समीप हुई भीषण दुर्घटना में यात्रियों की मृत्यु का समाचार अत्यंत दुखद है। उन्होंने दिवंगतों के परिजनों के प्रति गहन संवेदना व्यक्त करते हुए घायलों के समुचित और त्वरित इलाज के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए हैं। मुख्यमंत्री ने ईश्वर से दिवंगत आत्माओं को अपने श्रीचरणों में स्थान देने और घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की है।
प्रशासन के अनुसार 80 से अधिक घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया है। सभी घायलों की चिकित्सकीय जांच के बाद मृतकों और घायलों की स्थिति को लेकर आधिकारिक जानकारी जारी की जाएगी। फिलहाल राहत और बचाव कार्य जारी है और पूरे हादसे की जांच की जा रही है। इस घटना के बाद पूरे क्षेत्र में शोक का माहौल है और पीड़ित परिवारों में गहरा मातम पसरा हुआ है।

