केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने समान नागरिक संहिता (UCC) और भारतीय जनता पार्टी के आगामी कार्यक्रमों को लेकर दो बड़े और नीतिगत ऐलान किए हैं। उन्होंने स्पष्ट संकेत दिया है कि वर्ष 2029 के आम चुनाव से पहले भाजपा और एनडीए शासित सभी राज्यों में समान नागरिक संहिता लागू कर दी जाएगी। इसके साथ ही 17 सितंबर को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन के अवसर पर पूरे देश में एक महीने तक चलने वाला ‘सेवा संकल्प अभियान’ शुरू किया जाएगा, जो 17 अक्टूबर तक निरंतर जारी रहेगा।
पहले भाजपा पीएम मोदी के जन्मदिन को ‘सेवा सप्ताह’ या 17 सितंबर से 2 अक्टूबर तक सेवा पखवाड़े के रूप में आयोजित करती थी, लेकिन इस बार इसे पूरे एक महीने तक विस्तारित किया गया है। दरअसल, 7 अक्टूबर 2026 को नरेंद्र मोदी के मुख्यमंत्री और प्रधानमंत्री के रूप में निरंतर जनसेवा के 25 वर्ष पूरे हो रहे हैं। लगातार शीर्ष संवैधानिक पदों पर रहकर सेवा करने के इस दुर्लभ रिकॉर्ड को रेखांकित करने के लिए ही अभियान की अवधि बढ़ाई गई है। इस दौरान मुख्य आकर्षण काशी विश्वनाथ मंदिर में 10 पवित्र नदियों का जल अर्पित कर वडनगर तक निकाली जाने वाली बाइक यात्रा होगी, जो 7 अक्टूबर को संपन्न होगी।
यह अभियान केवल भाजपा कार्यकर्ताओं तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि इसमें एनडीए के सभी सहयोगी दल, स्वयंसेवी संगठन और आम नागरिक भी हिस्सा लेंगे। देश के सभी राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के प्रत्येक जिले, लोकसभा क्षेत्र, विधानसभा क्षेत्र और हर पोलिंग बूथ तक रक्तदान, स्वास्थ्य शिविर, स्वच्छता और गरीब कल्याण जैसी सेवा गतिविधियों को सीधे पहुंचाया जाएगा। इन दो बड़े कदमों के जरिए पार्टी ने जहां एक तरफ विवाह, तलाक और उत्तराधिकार जैसे कानूनों में एकरूपता लाने के अपने वैचारिक एजेंडे को 2029 की समय-सीमा में बांधा है, वहीं दूसरी तरफ महीने भर चलने वाले सेवा अभियान के जरिए संगठन को जमीनी स्तर पर सक्रिय करने की पुख्ता रणनीति बनाई है।

