नई दिल्ली/रायपुर | 23 मार्च 2026
केन्द्रीय ग्रामीण विकास मंत्रालय ने युवाओं और आम नागरिकों को अपनी प्रतिभा दिखाने का एक और बड़ा अवसर दिया है। मंत्रालय ने “विकसित भारत-जी राम जी (VB-G RAM JI) अधिनियम, 2025” के तहत आयोजित की जा रही लोगो डिजाइन, रील मेकिंग और ऑनलाइन क्विज प्रतियोगिताओं की अंतिम तिथियों में 15 दिनों का विस्तार कर दिया है। यह निर्णय देशभर से मिल रही भारी प्रतिक्रिया और अधिक से अधिक युवाओं की भागीदारी सुनिश्चित करने के उद्देश्य से लिया गया है। अब छात्र, स्वयंसेवक और रचनात्मक नागरिक माईगव (MyGov) और माईभारत (MY Bharat) पोर्टल के माध्यम से इन राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं में हिस्सा लेकर अपनी कला और ज्ञान का प्रदर्शन कर सकते हैं।
प्रतियोगिताओं की नई समय-सारणी के अनुसार, लोगो (Logo) डिज़ाइन प्रतियोगिता की अंतिम तिथि अब 20 मार्च से बढ़ाकर 04 अप्रैल 2026 कर दी गई है। इसी तरह, “60 Seconds for My Village” थीम पर आधारित राष्ट्रीय रील/वीडियो चैलेंज में भाग लेने की तिथि अब 21 मार्च के बजाय 05 अप्रैल 2026 तक रहेगी। वहीं, विकसित भारत-जी राम जी क्विज कॉम्पीटिशन, जिसकी अवधि आज यानी 23 मार्च को समाप्त हो रही थी, उसे अब 07 अप्रैल 2026 तक बढ़ा दिया गया है। इन प्रतियोगिताओं के माध्यम से युवा ग्रामीण विकास, रोजगार सृजन और आजीविका जैसे गंभीर विषयों को डिजिटल और रचनात्मक तरीके से दुनिया के सामने रख सकेंगे।
गौरतलब है कि “विकसित भारत-जी राम जी अधिनियम, 2025” ग्रामीण भारत की रोजगार नीति में एक क्रांतिकारी बदलाव लेकर आया है। इस नए कानून के तहत अब ग्रामीण परिवारों को एक वित्तीय वर्ष में मिलने वाले गारंटीकृत रोजगार को 100 दिनों से बढ़ाकर 125 दिन कर दिया गया है। यह अधिनियम न केवल मजदूरी रोजगार सुनिश्चित करता है, बल्कि समावेशी विकास और सरकारी योजनाओं के बेहतर क्रियान्वयन (कंवर्जेंस) के माध्यम से एक आत्मनिर्भर ग्रामीण भारत के निर्माण का लक्ष्य रखता है। मंत्रालय ने आह्वान किया है कि युवा शक्ति इस जन-आंदोलन का हिस्सा बने और विकसित भारत @2047 के विजन को नई ऊर्जा प्रदान करे।

