जशपुर, 23 अक्टूबर 2025 — जशपुर जिले के बगीचा थाना क्षेत्र के ग्राम जामुन जोबला में तंत्र-मंत्र के शक में एक युवक ने अपनी ही फुआ की टांगी से हत्या कर दी। घटना के बाद आरोपी फरार हो गया था, जिसे पुलिस ने गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।
घटना 21 अक्टूबर की शाम की है। ग्राम निवासी पंकज पहाड़ी अपनी पत्नी सुखाड़ी पहाड़ी के साथ गांव के एक व्यक्ति के घर हंडिया पीने गए थे। लौटते समय सुखाड़ी पहाड़ी शौच के लिए रुकी थी, तभी रिश्ते का भतीजा मुकेश पहाड़ी (उम्र 22 वर्ष) हाथ में टांगी लेकर वहां पहुंचा और अपनी फुआ सुखाड़ी पहाड़ी के गले पर वार कर दिया। पंकज पहाड़ी ने रोकने की कोशिश की तो आरोपी ने उस पर भी टांगी से वार किया जिससे उसके पैर में चोट आई। भय के कारण पंकज पहाड़ी वहां से भाग गया। कुछ देर बाद लौटने पर उसने देखा कि उसकी पत्नी की मृत्यु हो चुकी है।
पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू की। आरोपी की तलाश में बगीचा पुलिस टीम गांव पहुंची और घटना स्थल का निरीक्षण किया। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मृतका की मृत्यु गले में टांगी के वार से हुई बताई गई। पुलिस ने रातभर की तलाश के बाद आरोपी मुकेश पहाड़ी को उसी गांव के एक घर से गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ में आरोपी ने अपराध स्वीकार करते हुए बताया कि उसके बच्चों की तबीयत लंबे समय से खराब थी, और उसे शक था कि उसकी फुआ सुखाड़ी पहाड़ी ने तंत्र-मंत्र कर दिया है। इसी शक में उसने हत्या की वारदात को अंजाम दिया। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त टांगी और वारदात के समय पहने कपड़े जब्त किए हैं।
थाना प्रभारी निरीक्षक गौरव कुमार पांडे, प्रधान आरक्षक लक्ष्मण सिंह, आरक्षक फुलजेंस टोप्पो और नगर सैनिक बलिराम रवि ने आरोपी की गिरफ्तारी में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह ने बताया कि पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेजा है। हत्या में प्रयुक्त टांगी और आरोपी के कपड़े जब्त कर लिए गए हैं।

