जशपुर नगर। जिला कांग्रेस कमेटी जशपुर के अध्यक्ष, पूर्व विधायक एवं पूर्व संसदीय सचिव यू.डी. मिंज ने लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी द्वारा गैस मूल्य वृद्धि और बढ़ती महंगाई को लेकर दिए गए बयान का समर्थन किया है। उन्होंने केंद्र सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए इसे जनता के साथ विश्वासघात करार दिया।
श्री मिंज ने कहा कि चुनाव समाप्त होते ही केंद्र सरकार ने अपना असली चेहरा दिखा दिया है और आम जनता पर महंगाई का भारी बोझ डालना शुरू कर दिया है। कमर्शियल एलपीजी गैस सिलेंडर की कीमतों में हुई हालिया वृद्धि से छोटे व्यापारियों, होटल संचालकों, ढाबा व्यवसायियों और मध्यम वर्गीय परिवारों की कमर टूट गई है।
उन्होंने केंद्र सरकार जनता की समस्याओं से पूरी तरह बेपरवाह है और केवल बड़े उद्योगपतियों के हित में काम कर रही है। राहुल गांधी जी ने पहले ही आगाह किया था कि चुनाव बाद आर्थिक बोझ बढ़ेगा, और आज वही सच साबित हो रहा है।”
यू.डी. मिंज ने केंद्र सरकार से मांग की है कि बढ़ती महंगाई पर तुरंत लगाम लगाई जाए और गैस सिलेंडर के दामों में की गई वृद्धि को वापस लेकर आम जनता को राहत दी जाए।



