रायपुर। स्वास्थ्य मिशन (एनएचएम) छत्तीसगढ़ ने हड़ताली कर्मचारियों को सख्त चेतावनी देते हुए अंतिम अल्टीमेटम जारी किया है। मिशन प्रबंधन ने साफ कर दिया है कि अगर कर्मचारी 24 घंटे के भीतर अपने कार्यस्थल पर नहीं लौटते, तो उनकी सेवा समाप्त कर दी जाएगी।
गौरतलब है कि एनएचएम कर्मचारी पिछले कई दिनों
से नियमतीकरण सहित 10 सूत्रीय मांगों को लेकर हड़ताल पर हैं। सेवा समाप्ति के आदेश जारी होने के बावजूद कर्मचारी अपने रुख पर अड़े हुए हैं।
आयुक्त सह मिशन संचालक, एनएचएम छत्तीसगढ़ ने प्रदेश अध्यक्ष समेत सभी हड़ताली कर्मचारियों को नोटिस थमाते हुए कहा है कि पहले ही जिला चिकित्सा अधिकारियों द्वारा अनुपस्थित कर्मचारियों को चेतावनी दी जा चुकी है। कार्यकारिणी समिति की बैठक में इस विषय पर सक्षम स्तर पर निर्णय लिया गया है और आदेश भी जारी हो चुका है। इसके बावजूद हड़ताल लोकहित के विरुद्ध जारी है।
अब अंतिम पत्र जारी कर दिया गया है। यदि कर्मचारी तय समयसीमा में काम पर नहीं लौटते, तो सेवा समाप्ति की कार्रवाई अनिवार्य होगी।