जशपुर/बगीचा, 3 सितम्बर 2025।
जशपुर जिले के बगीचा थाना क्षेत्र में गणेश विसर्जन के जुलूस के दौरान देर रात दर्दनाक हादसा हो गया। ग्राम जुरूडांड से गणेश प्रतिमा विसर्जन के लिए निकले करीब 150 लोगों के जुलूस में एक तेज रफ्तार बोलेरो वाहन अचानक घुस गई। हादसे में तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई जबकि 23 से अधिक लोग घायल हो गए, जिनमें कई की हालत गंभीर है।
मृतकों की पहचान
- अरविंद (19 वर्ष) पिता तोबियस केरकेट्टा
- विपिन कुमार प्रजापति (17 वर्ष) पिता देवनारायण
- खिरोवती यादव (32 वर्ष) पत्नी हरीश यादव
घायलों की स्थिति
घायलों में फकीर यादव, नीलू यादव, निरंजन राम पिता अर्जुन राम, संदीप यादव, नारायण, देवंती, गुलापी बाई, याहूसु लकड़ा, संतोष प्रजापति, हेमंत यादव, उमा यादव, भुवनेश्वरी यादव, चंदा बाई, पिंकी, लीलावती प्रजापति, डमरूधर यादव, गायत्री यादव, आरती यादव, परमानंद यादव, अभिमन्यु, हेमानंद और बोलेरो चालक सुखसागर सहित कई लोग शामिल हैं। गंभीर घायलों को तत्काल अम्बिकापुर मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है।
हादसे के बाद बगीचा अस्पताल में कोहराम मच गया। हर तरफ करुण क्रंदन और अफरा-तफरी का माहौल था। घटना की जानकारी मिलते ही लोग बड़ी संख्या में अस्पताल पहुंचे।
घटना की सूचना मिलते ही कलेक्टर रोहित व्यास, एसपी शशि मोहन सिँह रात में ही अस्पताल पहुंचे और घायलों के इलाज की व्यवस्था का निरीक्षण किया। उन्होंने डॉक्टरों को घायलों के बेहतर इलाज के निर्देश दिए और गंभीर मरीजों को तुरंत अम्बिकापुर रेफर करने की व्यवस्था करवाई।