यदि आपको बैंक शाखा जाकर चेक क्लीयरेंस, कैश निकासी या जमा, बैंक ड्राफ्ट और केवाईसी जैसे जरूरी काम निपटाने हैं, तो उन्हें 10 सितंबर तक पूरा कर लें। यूनाइटेड फोरम ऑफ बैंक यूनियंस (UFBU) के आह्वान पर 11 सितंबर 2026 को देशव्यापी बैंक हड़ताल का ऐलान किया गया है, जिसके चलते सरकारी और निजी बैंकों की शाखाओं में कामकाज ठप रहने के आसार हैं। बैंक कर्मचारी लंबे समय से पांच दिन की बैंकिंग व्यवस्था लागू करने, परफॉर्मेंस लिंक्ड इंसेंटिव (PLI) योजना से जुड़े विवादों के समाधान और अन्य लंबित सेवा शर्तों को पूरा करने की मांग कर रहे हैं।
हड़ताल के ठीक बाद लगातार छुट्टियां पड़ने से बैंक ग्राहकों की परेशानी और बढ़ सकती है। 11 सितंबर को देशव्यापी हड़ताल के बाद 12 सितंबर को महीने का दूसरा शनिवार होने के कारण बैंक बंद रहेंगे और 13 सितंबर को नियमित रविवार का अवकाश रहेगा। इसके तुरंत बाद 14 सितंबर को गणेश चतुर्थी के पावन पर्व के उपलक्ष्य में महाराष्ट्र सहित कई राज्यों में बैंकों में स्थानीय अवकाश रहेगा। इस तरह महाराष्ट्र और कई अन्य क्षेत्रों में 11 से 14 सितंबर तक लगातार चार दिन बैंक शाखाओं के शटर बंद रहेंगे।
चार दिनों के इस लंबे अवकाश के दौरान एटीएम में नकदी की किल्लत की आशंका को देखते हुए ग्राहकों को पहले से ही जरूरी कैश का प्रबंध करने की सलाह दी गई है। हालांकि, राहत की बात यह है कि इस अवधि में शाखाएं बंद रहने के बावजूद ऑनलाइन बैंकिंग, मोबाइल ऐप और यूपीआई (UPI) आधारित डिजिटल लेन-देन सामान्य दिनों की तरह चालू रहेंगे। किसी भी तरह की असुविधा और आर्थिक परेशानी से बचने के लिए ग्राहक अपने शाखा आधारित सभी वित्तीय कार्य 10 सितंबर की शाम तक हर हाल में निपटा लें।























