अब और आसान और डिजिटल होगा राशन मिलना: ‘स्मार्ट पीडीएस’ से सुधरेगी सरकारी राशन व्यवस्था, गड़बड़ियों पर लगेगी लगाम
जशपुर। जिला पुलिस प्रशासन ने नशे के कारोबार और अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान ‘ऑपरेशन आघात’ के तहत एक बड़ी सफलता हासिल की है। लोदाम थाना क्षेत्र के ग्राम खिखिर टोली में पुलिस ने एक घर की बाड़ी में छापेमारी कर अवैध रूप से उगाए गए गांजे के 40 पौधे ज़ब्त किए हैं। ज़ब्त किए गए पौधों का कुल वजन 3 किलो 646 ग्राम आंका गया है, जिसकी अनुमानित बाजार कीमत लगभग 1 लाख 82 हजार 300 रुपये है। पुलिस ने इस मामले में एक 58 वर्षीय आरोपी को रंगे हाथों गिरफ्तार कर उसके खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया है।
यह पूरी कार्रवाई डीआईजी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. लाल उमेद सिंह के नेतृत्व और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक राकेश कुमार पाटनवार के मार्गदर्शन में अंजाम दी गई। पुलिस को मुखबिर से पुख्ता सूचना मिली थी कि खिखिर टोली निवासी एक व्यक्ति ने अपने घर के आंगन से लगी बाड़ी में अवैध रूप से गांजे की खेती कर रखी है और उसे छिपाने के लिए चारों तरफ प्लास्टिक की नेट व साड़ियों का घेरा बना रखा है। सूचना की गंभीरता को देखते हुए तत्काल वरिष्ठ अधिकारियों को अवगत कराया गया और दिशा-निर्देशों के आधार पर गवाहों तथा एफएसएल (FSL) की टीम को साथ लेकर संदिग्ध के ठिकाने पर योजनाबद्ध तरीके से छापेमारी की गई।
छापेमारी के दौरान घेरे के भीतर पुलिस को छोटे-बड़े मिलाकर कुल 40 नग अवैध गांजे के पौधे मिले। इनमें से 18 बड़े पौधे थे, जिनकी अधिकतम ऊंचाई 4 फीट 7 इंच तक थी, जबकि 22 छोटे पौधे करीब 2 फीट की ऊंचाई के थे। पुलिस ने मौके से जड़, तना और पत्तियों समेत सभी पौधों को गवाहों के समक्ष विधिवत ज़ब्त कर लिया और संदिग्ध को हिरासत में ले लिया। पूछताछ के दौरान आरोपी द्वारा अपराध स्वीकार किए जाने और मौके पर पर्याप्त सबूत मिलने के बाद, लोदाम थाने में धारा 20(A) एनडीपीएस एक्ट के तहत अपराध पंजीबद्ध कर उसे गिरफ्तार कर लिया गया, जिसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेजा जा रहा है।
इस महत्वपूर्ण सफलता और गिरफ्तारी में लोदाम थाना प्रभारी निरीक्षक कृष्ण कुमार साहू, प्रधान आरक्षक अमित सिंह, आरक्षक बूटा सिंह, बसंत खुटिया, हेमंत कुजूर और महिला आरक्षक प्रतिमा तिग्गा की सराहनीय व मुख्य भूमिका रही। मामले की विस्तृत जानकारी देते हुए डीआईजी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. लाल उमेद सिंह ने स्पष्ट किया है कि जशपुर पुलिस जिले में नशे के सौदागरों पर लगातार पैनी नजर रखे हुए है। उन्होंने कड़े शब्दों में चेतावनी दी है कि क्षेत्र में नशे के अवैध कारोबार में संलिप्त किसी भी अपराधी को बख्शा नहीं जाएगा और आगे भी ऐसी सख्त दंडात्मक कार्रवाइयां जारी रहेंगी।

