छत्तीसगढ़ शिक्षा विभाग का यू-टर्न: निजी स्कूलों को मिली बड़ी राहत, अब खुद ले सकेंगे लोकल परीक्षाएं; आत्मानंद स्कूलों के लिए नियम अलग
रायपुर। छत्तीसगढ़ शिक्षा विभाग ने अपनी परीक्षा व्यवस्था के संबंध में जारी पूर्व के आदेश में बड़ा संशोधन करते हुए ‘यू-टर्न’ लिया है।
लोक शिक्षण संचालनालय (DPI) द्वारा जारी ताजा दिशा-निर्देशों के अनुसार, अब राज्य के निजी स्कूलों को अपनी लोकल कक्षाओं (कक्षा 1ली से 9वीं और 11वीं) की परीक्षाएं स्वयं आयोजित करने की छूट दे दी गई है।
निजी स्कूलों का भ्रम खत्म, प्रबंधन को मिली कमान
इससे पहले शिक्षा विभाग ने एक आदेश जारी किया था, जिसमें जिला शिक्षा अधिकारियों (DEO) को निर्देश दिए गए थे कि वे जिले के सभी स्कूलों (शासकीय और निजी) की परीक्षाओं का संचालन और निगरानी करें। इस आदेश से निजी स्कूल प्रबंधन के बीच भारी असमंजस और भ्रम की स्थिति पैदा हो गई थी।अब विभाग ने स्पष्ट कर दिया है कि निजी स्कूल पूर्व की भांति अपनी परीक्षाएं स्वतंत्र रूप से आयोजित कर सकेंगे।
संशोधित आदेश में सरकारी स्कूलों के लिए व्यवस्था को सख्त रखा गया है। नए नियमों के अनुसार:
जिले के सभी सरकारी स्कूलों में परीक्षाओं के संचालन की पूरी जिम्मेदारी जिला शिक्षा अधिकारियों की होगी।
स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट अंग्रेजी माध्यम (SAGES) विद्यालयों की परीक्षाओं का नियंत्रण भी जिला स्तर से ही किया जाएगा।
कल सुबह 10 बजे पीएम मोदी का ‘परीक्षा पे चर्चा’ संवाद, छत्तीसगढ़ में लाइव प्रसारण की बड़ी तैयारी
लोक शिक्षण संचालनालय से जारी इस पत्र के बाद अब परीक्षा की तैयारियों को लेकर स्थिति पूरी तरह साफ हो गई है। जहाँ एक ओर निजी स्कूलों ने इस फैसले का स्वागत किया है और इसे प्रबंधन की स्वायत्तता के लिए राहत भरा बताया है, वहीं शासकीय स्कूलों में परीक्षा की शुचिता बनाए रखने के लिए जिला प्रशासन और शिक्षा विभाग अब कमर कस चुका है।


