रायपुर। छत्तीसगढ़ विधानसभा के बजट सत्र के दौरान आज, 11 मार्च 2026 को सदन की कार्यवाही काफी गहमागहमी भरी रहने की उम्मीद है। दिन की शुरुआत विधायी कार्यों से होगी जिसमें मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल, लखनलाल देवांगन और श्रीमती लक्ष्मी राजवाड़े अपने-अपने विभागों से संबंधित महत्वपूर्ण वार्षिक प्रतिवेदन पटल पर रखेंगे। इसके तुरंत बाद सदन का ध्यान जनहित से जुड़े दो मुख्य ध्यानाकर्षण प्रस्तावों पर केंद्रित होगा। विधायक श्रीमती कविता प्राण लहरे आयुष्मान कार्ड के बावजूद निजी अस्पतालों द्वारा इलाज न किए जाने का गंभीर मुद्दा उठाएंगी, वहीं विधायक श्री अनुज शर्मा धरसींवा क्षेत्र में उद्योगों द्वारा फैलाए जा रहे रासायनिक प्रदूषण और उससे प्रभावित हो रहे भूजल की समस्या पर सरकार को घेरेंगे।
छत्तीसगढ़ के 10,538 मर्ज स्कूलों का अनुदान अटका, शिक्षक संघ ने सरकार को लिखा पत्र
दोपहर के सत्र में सदन की मुख्य चर्चा वित्तीय वर्ष 2026-27 की अनुदान मांगों पर केंद्रित रहेगी। वित्त मंत्री श्री ओ.पी. चौधरी वाणिज्यिक कर और आवास एवं पर्यावरण विभाग के लिए बजट प्रस्ताव पेश करेंगे, जिस पर करीब डेढ़ घंटे तक चर्चा होगी। इसके साथ ही कृषि मंत्री श्री रामविचार नेताम कृषि, पशुपालन और आदिम जाति कल्याण विभाग की मांगों पर अपना पक्ष रखेंगे। महिला एवं बाल विकास मंत्री श्रीमती लक्ष्मी राजवाड़े के विभाग की अनुदान मांगों पर भी विस्तृत बहस के लिए समय निर्धारित किया गया है।
राजस्व मामला : जशपुर और बगीचा में नामांतरण और सीमांकन के सैकड़ों मामले लंबित
कार्यवाही के अंतिम चरण में बस्तर, अकलतरा और डोंगरगढ़ जैसे क्षेत्रों के स्थानीय विकास कार्यों, जिनमें सड़क, पुल और स्कूलों का उन्नयन शामिल है, से संबंधित याचिकाएं प्रस्तुत की जाएंगी। विधानसभा अध्यक्ष की अनुमति से इन याचिकाओं पर विचार किया जाएगा, जिससे क्षेत्रीय समस्याओं के समाधान की राह प्रशस्त होगी।




