रायपुर //-
टेट परीक्षा के संबंध में छत्तीसगढ़ जागरूक शिक्षक संघ के प्रांताध्यक्ष जाकेश साहू ने कहा है कि कंप्यूटर बेस्ड टीईटी परीक्षा किसी भी स्थिति में हमें मंजूर नहीं है। क्योंकि प्रदेश के 60% से अधिक शिक्षक कंप्यूटर सीखे ही नहीं है। उन्हें कंप्यूटर का एबीसीडी नहीं आता।
ऐसी स्थिति में हम कंप्यूटर से परीक्षा कैसे दें….????? संगठन ने साफ-साफ कहा है कि मंत्रालय में बैठे अधिकारी ऐसी रूम में बैठकर कोई भी नियम लागू न करें। प्रदेश स्तर पर किसी भी प्रकार का नियम या गाइडलाइन लागू करने से पहले सरकार को प्रदेश के समस्त शिक्षक संगठनों की बैठक आयोजित कर उनसे सुझाव लेनी चाहिए।
कौन सा कार्य कैसे किया जाना है। सुझाव के आधार पर ही कोई भी कार्यक्रम को लागू करनी चाहिए। लेकिन टेट के मामले में देखा यह जा रहा है कि सरकार द्वारा किसी भी शिक्षक संगठन से कोई सुझाव नहीं लिया गया है और मनमाने तरीके से कंप्यूटर बेस्ड परीक्षा की बात कही जा रही है। जो हमें कतई मंजूर नहीं है।
यदि सरकार इस नियम में बदलाव नहीं करती है तो प्रदेश का कोई भी शिक्षक इसका फॉर्म नहीं भरेगा। बल्कि उक्त परीक्षा का बहिष्कार किया जाएगा।
प्रदेशाध्यक्ष जाकेश साहू ने प्रदेश के मुख्यमंत्री, शिक्षामंत्री एवं राज्य सरकार से मांग की है कि टीईटी के संबंध में प्रदेश के समस्त शिक्षक संगठनों की शीघ्र बैठक आयोजित कर सबसे सुझाव लिया जाए और सुझाव के आधार पर ही ऑफलाइन परीक्षा आयोजित किया जाए।


