रायपुर/ 16 अप्रैल 2026। प्रदेश कांग्रेस के वरिष्ठ प्रवक्ता सुरेन्द्र वर्मा ने कहा कि सरकार घटिया साड़ी घोटाले की जांच में लीपापोती करना चाह रही। महिला एवं बालविकास विभाग में घटिया साड़ी घोटाले की जांच उसी विभाग के अधिकारियों से कराये जाने का मतलब है कि जो घोटाले के दोषी है वही अब इस घोटाले की जांच भी करेंगे यही है विष्णु का सुशासन जहां पर कसाई के हाथ में छुरा देकर बकरे की रखवाली की जवाबदारी सौंपी गयी है।
प्रदेश कांग्रेस के वरिष्ठ प्रवक्ता सुरेन्द्र वर्मा ने कहा कि घोटाले की प्रथम दृष्टया आरोपी विभागीय मंत्री है उनके विभाग में लगातार घोटाले हो रहे है और कोई कार्यवाही नही हो रही है इसका मतलब है महिला एवं बाल विकास विभाग के घोटोलों में पूरी सरकार संलिप्त है। सड़क बनाने वाली कंपनी को साड़ी के गुणवत्ता को जांचने का काम दिया गया था पूरा विभाग ही भ्रष्टाचार से डूब चुका है।
प्रदेश कांग्रेस के वरिष्ठ प्रवक्ता सुरेन्द्र वर्मा ने कहा कि घोटाला महिला बाल विकास मे हुआ है मंत्री होने के नाते उनकी नैतिक जिम्मेदारी बनती है यह कहना की जनता का पैसा बर्बाद नहीं होना चाहिए मंत्री का अपने जिम्मेदारी से भागना है मंत्री बताये की इस घोटाले का दोषी कौन है केवल छोटी साड़ी को बदलने से काम नहीं चलेगा।
प्रदेश कांग्रेस के वरिष्ठ प्रवक्ता सुरेन्द्र वर्मा ने कहा कि महिला एवं बाल विकास विभाग में यह पहली बार नहीं हुआ है इससे पहले भी कई भ्रष्टाचार सामने आए हैं। आंगनबाड़ी केंद्रों में 40 करोड़ से अधिक की पोषण सामग्री खरीद में अनियमितता की गयी तथा सामूहिक कन्या विवाह योजना में बिना टेंडर वर्क आर्डर के काम दे दिया गया एवं प्रदेश के लगभग 2899 आंगनबाड़ी केंद्रों में 16 करोड़ की लागत से टीवी और आरओ यूनिट की खरीद में नियमों की अनदेखी की गई है, इसमें केंद्रीकृत टेंडर के बजाय टुकड़ों में खरीद कर भ्रष्टाचार किया गया है। यही नहीं सुचिता योजना के तहत सेनेटरी पैड जैसे समान की खरीदी पर भ्रष्टाचार किया गया, पूरा विभाग भ्रष्टाचार का केंद्र बन चुका है।

