रायगढ़, 6 अक्टूबर 2026। जिले में अपराध के दो अलग-अलग मामलों में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपियों को गिरफ्तार किया है। जूटमिल पुलिस ने मिनीमाता चौक के पास लूट और बजरंगपारा में 17 वर्षीय किशोर पर चाकू से हमले के मामले में एक बालिग आरोपी सहित दो विधि से संघर्षरत बालकों को हिरासत में लिया है। वहीं साइबर थाना पुलिस ने शेयर बाजार में निवेश के नाम पर ग्रामीण महिलाओं से 70 लाख 77 हजार 901 रुपये की कथित ठगी के मामले में एक महिला आरोपी को गिरफ्तार किया है।

मिनीमाता चौक लूट और चाकूबाजी का 48 घंटे में खुलासा

जूटमिल थाना क्षेत्र में 4 अक्टूबर की रात मिनीमाता चौक के पास रितेश कुमार जैन का रास्ता रोककर मारपीट और चाकू से हमला करने के बाद 300 रुपये नकद और मोबाइल फोन लूटने की घटना सामने आई थी। मामले में पुलिस ने अपराध दर्ज कर जांच शुरू की।

जांच के दौरान पुलिस ने दो विधि से संघर्षरत बालकों और बजरंगपारा निवासी 24 वर्षीय गणेश सारथी को पकड़ा। पुलिस के अनुसार, इसी रात दोनों बालकों ने गणेश सारथी और एक अन्य युवक के साथ मिलकर बजरंगपारा निवासी 17 वर्षीय किशोर से शराब के लिए पैसे मांगे और विवाद के बाद उसके पेट में चाकू से वार किया।

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लूटा गया मोबाइल फोन, बटन चाकू और लोहे का कड़ा बरामद किया है। पुलिस के अनुसार, दोनों विधि से संघर्षरत बालकों और गणेश सारथी का पूर्व में भी आपराधिक रिकॉर्ड रहा है। दोनों बालकों को किशोर न्याय बोर्ड के समक्ष प्रस्तुत किया जा रहा है, जबकि बालिग आरोपी के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जा रही है। मामले में फरार अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।

शेयर बाजार में रकम दोगुनी करने का झांसा, 70.77 लाख की ठगी

दूसरे मामले में साइबर थाना पुलिस ने ग्रामीण महिलाओं को शेयर बाजार में निवेश के नाम पर कम समय में रकम दोगुनी करने का झांसा देकर 70 लाख 77 हजार 901 रुपये लेने के आरोप में मेनका सारथी, उम्र 37 वर्ष, निवासी बरतुंगा, थाना डभरा, जिला सक्ती को गिरफ्तार किया है।

पुलिस के अनुसार, मेनका सारथी अपने मायके ग्राम जतरी आती थी और वहां की महिलाओं को शेयर बाजार में निवेश से मोटा मुनाफा मिलने की बात बताती थी। उसने कथित तौर पर महिलाओं को यह भरोसा भी दिलाया कि यदि रकम दोगुनी नहीं हुई तो वह और उसका पति अपनी गारंटी पर राशि वापस करेंगे।

पुलिस के मुताबिक, अप्रैल 2025 से अक्टूबर 2025 के बीच कई महिलाओं से नकद और ऑनलाइन माध्यम से रकम ली गई। शिकायत के अनुसार, एक महिला से 17.53 लाख रुपये और अन्य महिलाओं से भी लाखों रुपये लेकर कुल 70.77 लाख 901 रुपये प्राप्त किए गए। कुछ निवेशकों को शुरुआत में लाभ की रकम देकर विश्वास में लेने के बाद भुगतान बंद कर दिया गया।

जांच में आरोपी के तीन बैंक खातों में लाखों रुपये के लेनदेन सामने आए। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से लेनदेन में प्रयुक्त मोबाइल फोन, तीन बैंक खाते और एटीएम कार्ड जब्त किए हैं। पुलिस के अनुसार, मामले में आरोपी के पति अक्षय सारथी और उसकी मां मीरा सोनवानी की भूमिका भी सामने आई है, जिनकी गिरफ्तारी अभी बाकी है। अन्य लोगों की संलिप्तता की भी जांच की जा रही है।

पुलिस की अपील

रायगढ़ पुलिस ने लोगों से अपील की है कि चाकूबाजी और लूट जैसी घटनाओं की सूचना तत्काल पुलिस को दें। वहीं शेयर बाजार में कम समय में रकम दोगुनी-तिगुनी करने या निश्चित लाभ की गारंटी देने वाले किसी व्यक्ति के झांसे में आकर अपनी मेहनत की कमाई निवेश न करें। निवेश से पहले संबंधित व्यक्ति या संस्था की विश्वसनीयता और वैधता की पूरी जानकारी लेने की अपील की गई है।

दोनों मामलों में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपियों तक पहुंच बनाई है और फरार आरोपियों की तलाश तथा आगे की विवेचना जारी है।

 

Share.

About Us

CG NOW एक भरोसेमंद और निष्पक्ष न्यूज़ प्लेटफॉर्म है, जो आपको छत्तीसगढ़, भारत और दुनिया भर की ताज़ा, सटीक और तथ्य-आधारित खबरें प्रदान करता है। हमारी प्राथमिकता है जनता तक सही और निष्पक्ष जानकारी पहुँचाना, ताकि वे हर पहलू से जागरूक और अपडेटेड रहें।

Contact Us

Syed Sameer Irfan
📞 Phone: 94255 20244
📧 Email: sameerirfan2009@gmail.com
📍 Office Address: 88A, Street 5 Vivekanand Nagar, Bhilai 490023
📧 Email Address: cgnow.in@gmail.com
📞 Phone Number: 94255 20244

© 2025 cgnow.in. Designed by Nimble Technology.

error: Content is protected !!
Exit mobile version