जशपुर
जशपुर जिले में नए शिक्षा सत्र 2026-27 के शुभारंभ के अवसर पर जिला स्तरीय शाला प्रवेश उत्सव का आयोजन बेहद उत्साह और गरिमापूर्ण वातावरण में किया गया। इस खास मौके पर स्कूलों में कदम रखने वाले नवप्रवेशी विद्यार्थियों का पारंपरिक तरीके से आत्मीय स्वागत किया गया। बच्चों को नई पुस्तकें, स्कूल यूनिफॉर्म और ढेरों शुभकामनाएं देकर उनके शिक्षा के नए सफर की शुरुआत कराई गई।
जनप्रतिनिधियों की मौजूदगी में दीप प्रज्ज्वलन से हुआ शुभारंभ
इस भव्य कार्यक्रम के मुख्य अतिथि जिला पंचायत जशपुर के अध्यक्ष सालिक साय थे। विशिष्ट अतिथियों के रूप में छत्तीसगढ़ माटी कला बोर्ड के अध्यक्ष शंभूनाथ चक्रवर्ती, नगर पालिका परिषद जशपुर के अध्यक्ष अरविंद कुमार भगत और जनपद पंचायत जशपुर के अध्यक्ष गंगाराम भगत सहित अन्य जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे। कार्यक्रम की शुरुआत मां सरस्वती के छायाचित्र पर माल्यार्पण, दीप प्रज्ज्वलन और सरस्वती वंदना के साथ हुई। इसके बाद सरस्वती शिशु मंदिर की छात्राओं ने खूबसूरत स्वागत गीत प्रस्तुत किया।
तिलक लगाकर बांटी गईं पुस्तकें, यूनिफॉर्म और साइकिलें
प्रवेश उत्सव के दौरान कक्षा पहली, छठवीं और नवमी में पहली बार प्रवेश लेने वाले छात्र-छात्राओं का तिलक लगाकर, पुष्पमाला पहनाकर और मिठाई खिलाकर स्वागत किया गया। इसके साथ ही उन्हें नई पुस्तकें और स्कूल यूनिफॉर्म बांटी गईं। शासन की जनकल्याणकारी योजना के तहत कार्यक्रम में ‘सरस्वती साइकिल योजना’ के अंतर्गत कक्षा नवमी की छात्राओं को निःशुल्क साइकिलों का भी वितरण किया गया। इस दौरान सेजस हिंदी माध्यम स्कूल और महारानी लक्ष्मीबाई कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय जशपुर की छात्राओं ने शिक्षा आधारित आकर्षक सांस्कृतिक गीत और नृत्य प्रस्तुत कर समां बांध दिया।
अतिथियों ने बच्चों को दिया सफलता का मंत्र
मुख्य अतिथि सालिक साय ने विद्यार्थियों को प्रेरित करते हुए कहा कि वे मन लगाकर पढ़ाई करें और जीवन में शिक्षा को ही अपनी सफलता का मजबूत आधार बनाएं। शंभूनाथ चक्रवर्ती ने भारतीय संस्कृति और जीवन मूल्यों पर आधारित शिक्षा पर जोर देते हुए गुरु द्रोणाचार्य और एकलव्य का ऐतिहासिक उदाहरण बच्चों के सामने रखा। अरविंद कुमार भगत ने शिक्षा के जरिए अलग-अलग क्षेत्रों में करियर बनाने की संभावनाओं पर प्रकाश डाला, जबकि गंगाराम भगत ने बच्चों से पढ़ाई के साथ-साथ हमेशा अपने माता-पिता और गुरुओं का सम्मान करने का आह्वान किया।
विभागीय योजनाओं की दी गई जानकारी
कार्यक्रम में जिला शिक्षा अधिकारी नरेंद्र कुमार सिन्हा ने शिक्षा विभाग की विभिन्न छात्रोपयोगी योजनाओं की जानकारी देते हुए प्रवेश उत्सव का विस्तृत प्रतिवेदन प्रस्तुत किया। कार्यक्रम का समापन गरिमापूर्ण तरीके से आभार प्रदर्शन के साथ हुआ। इस पूरे आयोजन को सफल और यादगार बनाने में शिक्षा विभाग के अधिकारियों, शिक्षकों और विद्यालय परिवार का उल्लेखनीय योगदान रहा।


