रायपुर/भुवनेश्वर/चेन्नई/हैदराबाद।
बंगाल की खाड़ी में बना चक्रवात मोंथा अब गंभीर रूप लेता जा रहा है। इसके असर से आने वाले दो दिनों तक छत्तीसगढ़, ओडिशा, आंध्र प्रदेश, तेलंगाना, तमिलनाडु, केरल, पश्चिम बंगाल और झारखंड के कई हिस्सों में भारी से बहुत भारी बारिश के आसार हैं। मौसम विभाग (IMD) ने कई राज्यों के लिए ऑरेंज और रेड अलर्ट जारी किया है।
छत्तीसगढ़ : दो दिन भारी बारिश और तेज हवाओं की चेतावनी
दक्षिण-पश्चिम बंगाल की खाड़ी में बने मोंथा चक्रवात का असर अब छत्तीसगढ़ में दिखने लगा है। मौसम विभाग ने बताया है कि 28 और 29 अक्टूबर को दक्षिणी छत्तीसगढ़ के कई इलाकों में भारी बारिश की संभावना है। इस दौरान 50 से 60 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलेंगी, जो कुछ स्थानों पर 70 से 80 किमी प्रति घंटे तक जा सकती हैं।
राजधानी रायपुर में मंगलवार सुबह बूंदाबांदी दर्ज की गई और आसमान में घने बादल छाए रहे। पिछले 24 घंटों में रायपुर का अधिकतम तापमान 32.5 डिग्री सेल्सियस और पेंड्रारोड का न्यूनतम तापमान 19 डिग्री सेल्सियस रहा। बेलगहना में सर्वाधिक 3 सेमी वर्षा दर्ज की गई, जबकि पिपरिया, कशडोल, अंतागढ़, छुईखदान और भिंभोरी में 1 सेमी बारिश हुई।
सीएम विष्णु देव साय ने दुलदुला छठ घाट में दिया सूर्य को अर्घ्य, प्रदेश की सुख-समृद्धि की कामना की दुलदुला छठ घाट के सौन्दर्यीकरण की मुख्यमंत्री ने की घोषणा
आंध्र प्रदेश और ओडिशा : चक्रवात तट से टकराने की तैयारी
चक्रवात मोंथा मंगलवार को गंभीर चक्रवाती तूफान में बदल सकता है। यह मछलीपट्टनम और कलिंगपट्टनम के बीच काकीनाडा तट से टकराने की संभावना है। इसके चलते आंध्र प्रदेश और ओडिशा के तटीय जिलों में प्रशासन ने आपातकालीन कर्मियों की छुट्टियां रद्द कर दी हैं। स्कूल-कॉलेज भी दो दिनों के लिए बंद किए गए हैं।
ओडिशा में सतर्कता बरतते हुए 123 अग्निशमन इकाइयां तैनात की गई हैं। आठ जिलों को रेड जोन घोषित किया गया है और ओडिशा आपदा त्वरित कार्रवाई बल (ODRAF) की टीमें नाव, मोटर राफ्ट, पावर आरी और जनरेटर जैसी सुविधाओं से लैस कर बचाव मोर्चे पर तैनात हैं।
तेलंगाना : दो दिन भारी से बहुत भारी बारिश के आसार
मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि 28 अक्टूबर दोपहर से 29 अक्टूबर सुबह तक पेड्डापल्ली, जयशंकर भूपलपल्ली, आदिलाबाद, कोमाराम भीम सहित कई जिलों में भारी से बहुत भारी बारिश हो सकती है। गरज, बिजली और तेज हवाओं के साथ बारिश का दौर जारी रहने की संभावना है।
केरल : भारी बारिश से दो लोगों की मौत
केरल में सोमवार को तेज हवाओं के साथ मूसलाधार बारिश हुई। अलप्पुझा जिले में नाव पलटने से एक मछुआरे की मौत हो गई, जबकि अंगमाली के पास बिजली गिरने से पश्चिम बंगाल के व्यक्ति की जान चली गई। मौसम विभाग ने अगले 24 घंटों के लिए कोझिकोड, कासरगोड, कन्नूर, कोट्टायम और पथानामथिट्टा जिलों में ऑरेंज अलर्ट जारी किया है।
तमिलनाडु : चेन्नई समेत चार जिलों में भारी बारिश
चेन्नई, रानीपेट, तिरुवल्लूर और कांचीपुरम जिलों में सोमवार को दिनभर बारिश होती रही। क्षेत्रीय मौसम विभाग के अनुसार, अगले दो दिनों तक इन जिलों में भारी से बहुत भारी बारिश, जबकि विल्लुपुरम और चेंगलपट्टू में भारी वर्षा की संभावना है।
एसआईआर का दूसरा चरण: 12 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में चलेगा विशेष गहन पुनरीक्षण, नई मतदाता सूची 7 फरवरी 2026 को जारी होगी
पश्चिम बंगाल : पहाड़ी इलाकों में भूस्खलन का खतरा
चक्रवात के असर से दार्जिलिंग और कलिम्पोंग के पहाड़ी इलाकों में भूस्खलन की आशंका जताई गई है। उत्तर और दक्षिण 24 परगना, पूर्व-पश्चिम मेदिनीपुर, झारग्राम, पुरुलिया, बीरभूम और मुर्शिदाबाद में मंगलवार से शुक्रवार तक भारी बारिश की संभावना है।
भारत की औद्योगिक नवाचार शक्ति का प्रतिनिधित्व करेंगे विशाल अग्रवाल हाउस ऑफ लॉर्ड्स और ऑक्सफोर्ड यूनिवर्सिटी के अंतरराष्ट्रीय मंच पर रखेंगे भारत की उपलब्धियों पर विचार
झारखंड : कई जिलों में अलर्ट, 30 अक्टूबर को अति भारी बारिश की आशंका
बंगाल की खाड़ी में बने निम्न दबाव का असर झारखंड में भी दिख रहा है। 28 से 31 अक्टूबर के बीच राज्य के कई जिलों में बारिश की संभावना जताई गई है।
28 अक्टूबर को गुमला, सिमडेगा, खूंटी और पश्चिमी सिंहभूम में भारी बारिश की संभावना के साथ येलो अलर्ट जारी किया गया है।
29 अक्टूबर को रांची, खूंटी, गुमला, लोहरदगा और लातेहार में भारी बारिश की चेतावनी है।
30 अक्टूबर को गढ़वा, पलामू, चतरा और लातेहार में अति भारी वर्षा के आसार हैं।
31 अक्टूबर को गोड्डा, साहिबगंज, पाकुड़ और दुमका में भारी बारिश की चेतावनी दी गई है।
1 नवंबर से मौसम साफ होने की संभावना जताई गई है।
रांची का अधिकतम तापमान 28.7 डिग्री और न्यूनतम 20.8 डिग्री सेल्सियस रहा। जमशेदपुर में अधिकतम 32.1 और न्यूनतम 22.5 डिग्री, डाल्टेनगंज में 32.8 और 22.7 डिग्री तथा बोकारो में 31.5 और 23.6 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया।
सावधानी बरतें
मौसम विभाग ने लोगों से अपील की है कि चक्रवात के दौरान अनावश्यक रूप से घरों से बाहर न निकलें, पेड़ों या बिजली के खंभों के नीचे शरण न लें और स्थानीय प्रशासन के निर्देशों का पालन करें। मत्स्यजीवियों को समुद्र में न जाने की सलाह दी गई है।
दुर्ग में अपराधियों पर पुलिस की सर्जिकल स्ट्राइक, एक हफ्ते में 180 आरोपी सलाखों के पीछे

