क्रिकेट देखने का तरीका अब बदलता नजर आ रहा है। रील्स और शॉर्ट वीडियो के लिए मशहूर TikTok पर अब इंटरनेशनल क्रिकेट की लाइव स्ट्रीमिंग का प्रयोग होने जा रहा है। भारत और न्यूजीलैंड के बीच 22 अक्टूबर 2026 को होने वाले पहले T20 इंटरनेशनल मुकाबले के शुरुआती छह ओवर न्यूजीलैंड में TikTok LIVE पर दिखाए जाएंगे। खास बात यह है कि मैच को मोबाइल की वर्टिकल स्क्रीन के हिसाब से प्रसारित किया जाएगा। हालांकि, यह सुविधा न्यूजीलैंड के दर्शकों के लिए है, जबकि भारतीय फैंस Sony Sports Network और SonyLIV पर मैच देख सकेंगे।
TikTok पर कैसे देख सकेंगे लाइव क्रिकेट?
न्यूजीलैंड क्रिकेट (NZC) और ब्रॉडकास्टर Sky ने स्पोर्ट्स टेक्नोलॉजी कंपनी WSC Sports के सहयोग से यह पहल शुरू की है। मैच की लाइव स्ट्रीमिंग न्यूजीलैंड क्रिकेट के आधिकारिक BLACKCAPS TikTok अकाउंट पर होगी। इसमें पूरे मैच के बजाय पहली पारी के शुरुआती छह ओवर यानी पावरप्ले का लाइव एक्शन दिखाया जाएगा।
T20 क्रिकेट में शुरुआती छह ओवर काफी अहम होते हैं। इस दौरान फील्डिंग पर प्रतिबंधों के कारण बल्लेबाज तेजी से रन बनाने की कोशिश करते हैं और चौके-छक्कों के साथ शुरुआती विकेटों का रोमांच भी देखने को मिलता है।
इस पहल का उद्देश्य युवा दर्शकों को क्रिकेट से जोड़ना और मोबाइल पर लाइव स्पोर्ट्स देखने का नया अनुभव देना है। न्यूजीलैंड क्रिकेट ने इसे इंटरनेशनल क्रिकेट में अपनी तरह का पहला प्रयोग बताया है।
भारत में कहां देख सकेंगे IND vs NZ T20 मैच?
भारतीय दर्शकों के लिए TikTok लाइव स्ट्रीमिंग उपलब्ध नहीं होगी। भारत में TikTok प्रतिबंधित है, इसलिए यहां क्रिकेट फैंस को मैच देखने के लिए दूसरे आधिकारिक प्रसारण विकल्पों का इस्तेमाल करना होगा।
- टीवी पर लाइव मैच: Sony Sports Network
- मोबाइल और ऑनलाइन स्ट्रीमिंग: SonyLIV
- TikTok LIVE: न्यूजीलैंड के दर्शकों के लिए शुरुआती छह ओवर
पहला T20 मुकाबला 22 अक्टूबर को न्यूजीलैंड के क्राइस्टचर्च स्थित हेगले ओवल में खेला जाएगा। भारतीय समय के अनुसार मैच दोपहर 12:30 बजे शुरू होना निर्धारित है।
क्या भविष्य में सोशल मीडिया पर भी दिखेंगे पूरे मैच?
यह प्रयोग खेल प्रसारण के बदलते तौर-तरीकों की ओर इशारा करता है। यदि वर्टिकल लाइव स्ट्रीमिंग से दर्शकों की भागीदारी बढ़ती है, तो भविष्य में दूसरे खेल आयोजक भी सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर सीमित लाइव कवरेज देने पर विचार कर सकते हैं। हालांकि, फिलहाल TikTok पर पूरे भारत-न्यूजीलैंड T20 मैच के प्रसारण की घोषणा नहीं हुई है। ताज़ा खबरों और अपडेट्स के लिए हमें Facebook और Instagram पर फॉलो करें।


