रायपुर, 6 मार्च 2026। अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के उपलक्ष्य में छत्तीसगढ़ की नारी शक्ति के आर्थिक सशक्तीकरण का जश्न मनाने के लिए 7 मार्च को राजधानी रायपुर के इंडोर स्टेडियम में भव्य ‘लखपति दीदी संवाद’ कार्यक्रम का आयोजन किया जा रहा है। छत्तीसगढ़ राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन ‘बिहान’ द्वारा आयोजित इस कार्यक्रम में मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होकर प्रदेश भर की उन हजारों महिलाओं से रूबरू होंगे, जिन्होंने अपनी मेहनत से खुद को आत्मनिर्भर बनाया है। कार्यक्रम की अध्यक्षता उपमुख्यमंत्री श्री विजय शर्मा करेंगे, जिसमें पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों सहित स्थानीय जनप्रतिनिधि भी मौजूद रहेंगे।
इस गरिमामय आयोजन का मुख्य आकर्षण मुख्यमंत्री और लखपति दीदियों के बीच होने वाला सीधा संवाद होगा। श्री साय इन महिलाओं की संघर्ष और सफलता की कहानियाँ सुनेंगे और जानेंगे कि कैसे शासन की योजनाओं ने उनके जीवन की दिशा बदली है। यह कार्यक्रम न केवल महिलाओं की उपलब्धियों को साझा करने का एक मंच बनेगा, बल्कि समाज की अन्य महिलाओं के लिए भी प्रेरणा का स्रोत सिद्ध होगा। इस अवसर पर मुख्यमंत्री के करकमलों से ‘लखपति दीदी’ आधारित एक विशेष कॉफी टेबल बुक और ‘छत्तीसकला’ ब्रांड बुक का विमोचन भी किया जाएगा, जो प्रदेश की महिलाओं के हुनर और उद्यमशीलता को प्रदर्शित करेगी।
डिजिटल सशक्तिकरण की दिशा में एक बड़ा कदम उठाते हुए मुख्यमंत्री इस दौरान ‘लखपति दीदी ग्राम पोर्टल’ का शुभारंभ भी करेंगे। साथ ही, विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाली स्व-सहायता समूह की महिलाओं, कैडर्स और सफल लखपति दीदियों को सम्मानित कर उनका उत्साहवर्धन किया जाएगा। यह आयोजन छत्तीसगढ़ सरकार की महिलाओं को आर्थिक रूप से सुदृढ़ बनाने की प्रतिबद्धता को दर्शाता है, जिससे ग्रामीण अंचलों में महिला उद्यमिता का एक नया युग प्रारंभ हो सके।

