छत्तीसगढ़ विधानसभा के फरवरी–मार्च 2026 सत्र के अंतर्गत गुरुवार 12 मार्च को होने वाली कार्यवाही में कई महत्वपूर्ण विभागों से जुड़े मुद्दों पर चर्चा और प्रश्नोत्तर होने हैं। सदन की कार्यवाही सुबह 11 बजे से प्रारंभ होगी, जिसमें विधायकों द्वारा विभिन्न जनहित से जुड़े प्रश्न उठाए जाएंगे और संबंधित मंत्री जवाब देंगे।
कार्यसूची के अनुसार सबसे पहले प्रश्नकाल होगा, जिसमें अलग-अलग विभागों से जुड़े तारांकित प्रश्नों पर चर्चा होगी। इस दौरान पंचायत एवं ग्रामीण विकास, गृह, लोक स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण, कौशल विकास, विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी, चिकित्सा शिक्षा, तकनीकी शिक्षा एवं रोजगार, अनुसूचित जाति विकास जैसे विभागों से संबंधित प्रश्न उठाए जाएंगे।
प्रश्नकाल में विधायक श्री किरण देव, श्री राजेन्द्र कुमार सिंह, सुश्री लता उसेंडी, श्री प्रवीन मिंज, श्री अजय चंद्राकर, श्री इन्द्रशाह मंडावी, श्री प्रेमचंद पटेल, श्री योगेश्वर राजू सिन्हा सहित कई सदस्य अपने-अपने क्षेत्रों से जुड़े मुद्दों को सदन में रखेंगे। इन प्रश्नों का उत्तर पंचायत एवं ग्रामीण विकास मंत्री श्री विजय शर्मा, लोक स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री श्री श्याम बिहारी जायसवाल तथा कौशल विकास मंत्री श्री गुरु खुशवंत साहेब सहित संबंधित मंत्री देंगे।
इसके बाद सदन में विभिन्न अधिनियमों के तहत अधिसूचनाओं और नियमों को पटल पर रखा जाएगा। साथ ही नियम 138(1) के तहत ध्यानाकर्षण प्रस्ताव भी प्रस्तुत किए जाएंगे, जिनमें सड़कों की खराब स्थिति तथा कृषि योजनाओं के क्रियान्वयन से जुड़ी समस्याओं को प्रमुखता से उठाया जाएगा।
सदन में याचिकाओं की प्रस्तुति के दौरान विभिन्न विधानसभा क्षेत्रों से जुड़े विकास कार्यों की मांग भी रखी जाएगी। इनमें स्वास्थ्य केंद्र भवन निर्माण, स्कूलों के उन्नयन, पुल-पुलिया निर्माण और ग्रामीण सड़कों के निर्माण जैसे मुद्दे शामिल हैं।
इसके अतिरिक्त वित्तीय वर्ष 2026–27 की अनुदान मांगों पर भी विस्तृत चर्चा होगी। महिला एवं बाल विकास मंत्री श्रीमती लक्ष्मी राजवाड़े के विभागों से संबंधित समाज कल्याण तथा महिला एवं बाल कल्याण के व्यय पर चर्चा की जाएगी। वहीं लोक स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री श्री श्याम बिहारी जायसवाल के विभागों से संबंधित स्वास्थ्य, पिछड़ा वर्ग एवं अल्पसंख्यक कल्याण तथा चिकित्सा शिक्षा से जुड़े व्यय पर भी सदन में विमर्श होगा।
इसी क्रम में वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री श्री लखनलाल देवांगन तथा राजस्व मंत्री श्री टंकराम वर्मा के विभागों से जुड़े विभिन्न मांगों पर भी चर्चा प्रस्तावित है, जिसमें उद्योग, श्रम, भू-राजस्व, जिला प्रशासन, प्राकृतिक आपदाओं में राहत तथा उच्च शिक्षा से जुड़े व्यय शामिल हैं।
आज की कार्यवाही में कई जनहित से जुड़े मुद्दों पर चर्चा होने के कारण सदन में तीखी बहस होने की संभावना जताई जा रही है। यह कार्यवाही प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों की समस्याओं और विकास कार्यों को लेकर महत्वपूर्ण मानी जा रही है।




