रायपुर,
मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय की गरिमामयी उपस्थिति में आज जशपुर जिला प्रशासन और विज्ञान भारती के बीच एक महत्वपूर्ण समझौता ज्ञापन (MoU) पर हस्ताक्षर किए गए। इस समझौते का उद्देश्य जिले के विद्यार्थियों में वैज्ञानिक दृष्टिकोण विकसित करना और उन्हें विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी से जोड़ना है।
इस पहल के अंतर्गत विद्यालयों में विज्ञान शिक्षा को प्रोत्साहन देने के लिए अनेक अभिनव कार्यक्रम चलाए जाएंगे। इन गतिविधियों से बच्चों में विज्ञान के प्रति जिज्ञासा और उत्सुकता को नया आयाम मिलेगा और शिक्षा का स्वरूप अधिक प्रयोगशील तथा व्यावहारिक बन सकेगा।
विज्ञान भारती पहले से ही जिले में कई शैक्षिक गतिविधियों में सहयोग कर रही है। “स्पेस ऑन व्हील” कार्यक्रम के माध्यम से विद्यार्थियों को अंतरिक्ष विज्ञान का अनुभव कराना, विद्यालयों में विज्ञान क्लबों की स्थापना से नवाचार की भावना जगाना और विद्यार्थी विज्ञान मंथन जैसी राष्ट्रीय प्रतियोगिता के जरिए बच्चों को गणित, विज्ञान और प्रौद्योगिकी की ओर प्रेरित करना इसके प्रमुख उदाहरण हैं।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने कहा कि यह समझौता जशपुर के विद्यार्थियों के लिए नए अवसरों के द्वार खोलेगा। वैज्ञानिक सोच और ज्ञान से समृद्ध नई पीढ़ी ही आत्मनिर्भर भारत और विज्ञाननिष्ठ समाज की सशक्त नींव रखेगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि राज्य सरकार शिक्षा और विज्ञान को समाज परिवर्तन का सबसे बड़ा साधन मानती है और इस दिशा में हर संभव प्रयासों को आगे बढ़ाती रहेगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि जशपुर जिला प्रशासन और विज्ञान भारती का यह संयुक्त प्रयास विद्यालयीन शिक्षा को सुदृढ़ करने के साथ-साथ विद्यार्थियों को विज्ञान और नवाचार की दुनिया में नई उड़ान देगा। इस साझेदारी से जिले की शिक्षा का स्तर और ऊँचा होगा तथा आने वाली पीढ़ी विज्ञान और प्रौद्योगिकी की रोशनी से अपने भविष्य को और सशक्त बना सकेगी।