बिलासपुर/बिल्हा। ‘सेवा संकल्प’ कार्यक्रम में अनुपस्थित रहने के आरोप में 21 शिक्षकों को कारण बताओ नोटिस जारी किए जाने का मामला तूल पकड़ता जा रहा है। शिक्षक संगठनों ने कार्रवाई पर आपत्ति जताते हुए इसे शिक्षकों के साथ एकतरफा कार्रवाई बताया है।
शिक्षक संगठनों का कहना है कि विद्यालयों में शिक्षकों ने अपने स्तर पर संसाधनों की व्यवस्था कर दीप प्रज्वलन, भाषण एवं चित्रकला जैसी गतिविधियां आयोजित कीं। ऐसे में अनुपस्थिति के आधार पर नोटिस जारी किए जाने से शिक्षकों में नाराजगी है। संगठनों ने इसे ‘सेवा संकल्प का रिटर्न गिफ्ट’ बताते हुए प्रशासन की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए हैं।
‘सेवा संकल्प’ स्वैच्छिक सहभागिता का अभियान : प्रदीप पाण्डेय
सर्व शिक्षक संघ के प्रदेश अध्यक्ष प्रदीप पाण्डेय ने कहा कि सेवा संकल्प जैसे अभियानों का उद्देश्य सकारात्मक सहभागिता और जनसेवा की भावना को बढ़ावा देना होना चाहिए। उनके अनुसार, शिक्षकों का पक्ष जाने बिना सीधे कारण बताओ नोटिस जारी करना उचित नहीं है।
उन्होंने कहा कि शिक्षकों के स्वाभिमान और सम्मान से समझौता स्वीकार नहीं किया जाएगा।
अधिकारियों के कार्यालयों में भी हुई थी गतिविधियां?
सीएसी संघ बिल्हा के ब्लॉक अध्यक्ष केशव वर्मा एवं छत्तीसगढ़ सहायक शिक्षक समग्र शिक्षक फेडरेशन के जिला अध्यक्ष सुनील पाण्डेय ने संयुक्त रूप से कहा कि शिक्षक विभागीय दायित्वों के निर्वहन के साथ कार्यक्रमों में भी सहयोग करते रहे हैं। संगठनों ने सवाल उठाया कि यदि विद्यालयों में कार्यक्रम आयोजित किए गए, तो जनपद पंचायत सीईओ कार्यालय और विकासखंड शिक्षा अधिकारी कार्यालय में भी इसी प्रकार की गतिविधियां आयोजित हुईं या नहीं।
संगठनों ने मांग की कि यदि शिक्षकों की उपस्थिति की समीक्षा की जा रही है, तो संबंधित कार्यालयों में अधिकारियों एवं कर्मचारियों की सहभागिता की भी समान रूप से समीक्षा होनी चाहिए।
राजनीतिक दबाव के आरोप, संगठनों ने उठाए सवाल
शिक्षक संगठनों ने आरोप लगाया कि स्थानीय स्तर पर राजनीतिक दबाव के कारण कार्रवाई की गई है। हालांकि, इन आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है। संगठनों ने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है।
संगठनों के अनुसार, 21 शिक्षकों को जारी नोटिस के संबंध में सामूहिक रूप से आगे की रणनीति तय की जाएगी। साथ ही भविष्य में शिक्षकों पर किसी प्रकार का अनावश्यक दबाव बनाए जाने की स्थिति में आंदोलनात्मक कदम उठाने की चेतावनी भी दी गई है।
कलेक्टर और डीईओ को सौंपेंगे ज्ञापन
सीएसी संघ बिल्हा, छत्तीसगढ़ सहायक शिक्षक समग्र शिक्षक फेडरेशन तथा सर्व शिक्षक संघ द्वारा संयुक्त रूप से कलेक्टर बिलासपुर और जिला शिक्षा अधिकारी (DEO) को ज्ञापन सौंपने की तैयारी की जा रही है। संगठनों की प्रमुख मांगों में 21 शिक्षकों को जारी नोटिस की समीक्षा, कार्रवाई के आधार की स्पष्ट जानकारी तथा पूरे मामले की निष्पक्ष जांच शामिल है।
अब देखने वाली बात यह होगी कि जिला प्रशासन इस मामले में शिक्षकों के पक्ष को सुनते हुए क्या निर्णय लेता है।


