छत्तीसगढ़ में मानसून मेहरबान: 24 घंटे में झमाझम बारिश से उफान पर नदी-नाले, अगले 48 घंटे के लिए भारी बारिश का अलर्ट
रायपुर: छत्तीसगढ़ में इन दिनों मानसून पूरी तरह से सक्रिय है। मौसमी गतिविधियों में आई तेजी के कारण पिछले 24 घंटों के दौरान प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में अच्छी बारिश दर्ज की गई है। राजधानी रायपुर में भी रविवार दोपहर जोरदार बारिश हुई, जिससे मौसम सुहावना हो गया। हालांकि, लगातार हो रही बारिश के चलते राज्य के कई जिलों में नदी-नाले उफान पर आ गए हैं।
मौसम विभाग ने आगामी 48 घंटों के दौरान प्रदेश के उत्तरी और मध्य इलाकों में एक-दो स्थानों पर फिर से मूसलाधार बारिश होने की संभावना जताई है।
कहां कितनी हुई बारिश? (पिछले 24 घंटे के आंकड़े)
मौसम विभाग के आंकड़ों के अनुसार, प्रदेश में वर्षा का विवरण इस प्रकार रहा:
-
8 सेंटीमीटर: मनेन्द्रगढ़
-
7 सेंटीमीटर: बिल्हा और मैनपुर
-
6 सेंटीमीटर: पटना
-
5 सेंटीमीटर: मुंगेली, गरियाबंद, जनकपुर भरतपुर, रामानुजगंज, बैकुंठपुर, लोरमी, लालपुर थाना, मगरलोड और चिरमिरी
-
4 सेंटीमीटर: नगरी, कुकरेल, रतनपुर, हरदीबाजार, पथरिया, मुकडेगा, बलौदा बाजार, पलारी और भाटापारा
-
3 सेंटीमीटर: कुकदुर, मनोरा, पेंड्रा रोड, खड़गवां, कापू, कोंटा, सिमगा, पौड़ी उपरोड़ा, धमतरी, दर्री, बोदरी, मस्तूरी, बीजापुर, पिथौरा और सकरी
विभिन्न जिलों के लिए मौसम विभाग का अलर्ट
मौसम विभाग ने सोमवार सुबह राज्य के कई हिस्सों में बादल गरजने, तेज हवाएं चलने और बारिश को लेकर अलर्ट जारी किया है:
-
ऑरेंज अलर्ट: राजनांदगांव, बिलासपुर, कोरबा, गौरेला-पेंड्रा-मरवाही, बेमेतरा, कबीरधाम, मुंगेली, सरगुजा, सूरजपुर, कोरिया और बलरामपुर जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। यहाँ गरज-चमक के साथ तेज बारिश और हवाएं चलने की प्रबल संभावना है।
-
यलो अलर्ट (अगले 3 घंटे): उत्तर बस्तर कांकेर, धमतरी, बालोद, राजनांदगांव, गरियाबंद, महासमुंद, रायपुर, बलौदा बाजार, जांजगीर-चांपा, रायगढ़, बिलासपुर, कोरबा, जशपुर, गौरेला-पेंड्रा-मरवाही, दुर्ग, बेमेतरा, कबीरधाम, मुंगेली, सरगुजा, सूरजपुर, कोरिया और बलरामपुर जिलों में अगले तीन घंटों के लिए यलो अलर्ट जारी कर लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है।

