नई दिल्ली।
संत प्रेमानंद महाराज के स्वास्थ्य को लेकर पिछले कुछ दिनों से सोशल मीडिया पर भ्रामक वीडियो और अफवाहें तेजी से फैल रही हैं, जिससे उनके अनुयायियों में असमंजस की स्थिति बनी हुई है। हर दिन बड़ी संख्या में श्रद्धालु उनके दर्शन की उम्मीद में आश्रम पहुंच रहे हैं।
बृहस्पतिवार को भी आश्रम के बाहर भारी भीड़ देखी गई। लोगों की बढ़ती भीड़ को देखते हुए आश्रम प्रबंधन की ओर से माइक पर घोषणा की गई कि “महाराज आज नहीं आएंगे”। इसके बाद ही श्रद्धालु शांतिपूर्वक वहां से लौटे।
आश्रम प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि संत प्रेमानंद महाराज पूर्ण रूप से स्वस्थ हैं और नियमित रूप से अपने अनुयायियों से एकांतिक वार्तालाप के माध्यम से संवाद कर रहे हैं। इसके बावजूद इंटरनेट मीडिया पर उनकी तबीयत को लेकर भ्रम फैलाने वाले कुछ लोग लगातार भ्रामक वीडियो साझा कर रहे हैं।
इसी बीच पुलिस प्रशासन ने भी जनता से अपील की है कि वे किसी भी अपुष्ट जानकारी या सोशल मीडिया पर प्रसारित अफवाहों पर विश्वास न करें। प्रशासन ने कहा है कि अफवाह फैलाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
आश्रम प्रबंधन का कहना है कि महाराज का स्वास्थ्य उत्तम है और वे अपने दैनिक साधना और संवाद क्रम को सामान्य रूप से निभा रहे हैं। श्रद्धालुओं से आग्रह किया गया है कि वे भ्रामक खबरों से दूर रहें और आधिकारिक माध्यमों से ही जानकारी प्राप्त करें।

